मुजफ्फरनगर में पुलिस-गोकश की मुठभेड़: गोली लगने से हिस्ट्रीशीटर घायल

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के पुरकाजी थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात पुलिस और गोकशों के बीच मुठभेड़ हो गई। यह मुठभेड़ शुगर मिल खाई खेड़ी के पीछे हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पुरकाजी थाने का हिस्ट्रीशीटर जावेद गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया है, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

थाना पुलिस को देर रात सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध लोग गोकशी की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायर किया, जिसमें जावेद के पैर में गोली लग गई। घायल जावेद हरि नगर, पुरकाजी का निवासी है। उसके खिलाफ लूट, चोरी और गोकशी सहित एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह 11-12 दिसंबर की रात बरामद हुए गोवंश अवशेषों के मामले में भी वांछित था। पुलिस ने मौके से एक मोटरसाइकिल और एक तमंचा-कारतूस बरामद किया है।

सीओ ने किया निरीक्षण, फरार साथी की तलाश

मुठभेड़ की सूचना पर सीओ सदर रविशंकर मिश्रा ने मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि जावेद एक शातिर अपराधी और थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके फरार साथी की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस उसकी पूरी आपराधिक कुंडली खंगाल रही है।