मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में देर रात 12:30 बजे एसएसपी संजय वर्मा ने पुलिस फोर्स के साथ शहर और ग्रामीण इलाकों में फ्लैग मार्च किया। देशभर में “आई लव पैगंबर” के समर्थन में हो रहे प्रदर्शनों और जुम्मे की नमाज को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है।
एसएसपी ने फुट पेट्रोलिंग कर संवेदनशील और अति संवेदनशील इलाकों का जायजा लिया। उन्होंने थाना प्रभारियों और चौकी इंचार्ज को सतर्क रहने के निर्देश दिए और कहा कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। फ्लैग मार्च के जरिए आम जनता में सुरक्षा का भरोसा भी जगाने की कोशिश की गई।
त्योहारों से पहले अलर्ट मोड
जुम्मे की नमाज और आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने तैयारी पूरी कर ली है। जिन इलाकों से तनाव की आशंका है, वहां विशेष निगरानी रखी जा रही है और अतिरिक्त फोर्स की तैनाती की गई है।
तीर्थयात्रियों को दी हिदायत
गश्त के दौरान एसएसपी ने हरिद्वार से लौट रहे तीर्थयात्रियों से भी बातचीत की। उन्होंने कहा कि रात में ट्रैक्टर-ट्रॉली से यात्रा न करें, क्योंकि रिफ्लेक्टर की कमी से दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। सुबह ही यात्रा करने की सलाह दी गई।
जिलेभर में पुलिस की सक्रियता
नगर कोतवाली, खालापार थाना और मीनाक्षी चौक क्षेत्र में करीब 3 किलोमीटर पैदल गश्त के दौरान एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत और सीओ सिटी भी मौजूद रहे। इसी दौरान सड़क पर खड़े होकर पुलिसकर्मियों की ब्रीफिंग भी की गई।जिले के जानसठ, मीरापुर, खतौली, नई मंडी, बुढ़ाना समेत सभी थाना क्षेत्रों में क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारियों ने भारी पुलिस बल के साथ देर रात फ्लैग मार्च किया।