मुजफ्फरनगर बंधुआ मजदूरी मामले पर भड़के राहुल गांधी, बोली ये बात

नई दिल्ली: मुजफ्फरनगर में फैक्टरी से मुक्त कराए गए 12 बंधुआ मजदूरों पर हुए अमानवीय अत्याचार को लेकर राहुल गांधी ने केंद्र और राज्य की आर्थिक व श्रम नीतियों पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

कांग्रेस सांसद ने एक्स पर किया पोस्ट
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा कि मुजफ्फरनगर में मजदूरों की बंधुआ मजदूरी का मामला बेहद चौंकाने वाला है। बिना मजदूरी दिए काम करवाने के अलावा, मजदूरों को कुत्तों से कटवाया गया, भाले से गोदा गया, कोड़े मारे गए, और उन्हें मवेशियों का चारा खिलाया गया।

दोषियों को मिलनी चाहिए कड़ी सजा
उन्होंने पोस्ट में आगे लिखा कि यह इंसानी गरिमा पर हमला है पीड़ितों को न्याय के साथ पुनर्वास और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। साथ ही हमें यह भी पूछना जरूरी है कि मजदूर ऐसी खतरनाक परिस्थितियों में किन मजबूरियों में फंस जाते हैं।

खत्म हो जाते हैं रोजगार के अवसर तो फंस जाते हैं लोग
कांग्रेस पूर्व अध्यक्ष ने लिखा कि जब रोजगार खत्म हो जाते हैं, आमदनी ठहर जाती है, और सबसे कमजोर वर्गों के लिए बने मनरेगा और श्रम कानूनों जैसी सुरक्षाएं कमजोर कर दी जाती हैं, तो हताशा बढ़ती जाती है। जिन लोगों के पास कोई और विकल्प या सुरक्षा नहीं होती, वो ऐसे शोषण का आसान शिकार बन जाते हैं। यह कोई आम आपराधिक घटना नहीं है – यह एक धराशाई हुई अर्थव्यवस्था का मलबा है।

पुलिस की छापेमारी के बाद मजदूरों को छुड़ाया
आपको बता दें कि मंगलवार को मुजफ्फरनगर जिले में प्रशासन और पुलिस की छापेमारी के बाद कागज की प्लेट बनाने वाली एक फैक्टरी से नाबालिगों समेत 12 बंधुआ मजदूरों को मुक्त कराया गया था.