मुजफ्फरनगर। मुज़फ़्फ़रनगर जनपद के चरथावल थाना क्षेत्र में एक पब्लिक स्कूल के चौकीदार की हत्या का मामला सामने आया है। छपार-रोहना रोड स्थित किड्स हेवन पब्लिक स्कूल परिसर में चौकीदार का खून से लथपथ शव मिला।
मृतक की पहचान करीब 50 वर्षीय राजू के रूप में हुई है, जो कस्बे की दलित बस्ती का निवासी था और स्कूल में चौकीदार के पद पर कार्यरत था। वह शुक्रवार रात अपनी ड्यूटी पर था। आशंका है कि देर रात अज्ञात हमलावरों ने स्कूल परिसर में घुसकर धारदार हथियार से उसकी गर्दन पर वार कर हत्या कर दी।
शनिवार सुबह स्कूल स्टाफ के पहुंचने पर राजू का शव खून से लथपथ मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना स्थल पर स्कूल परिसर और आसपास के इलाके में भारी भीड़ जमा हो गई। मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार, हत्या के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। क्षेत्राधिकारी सदर डॉ. रवि शंकर मिश्रा ने बताया कि घटनास्थल के पास एग्जिट पॉइंट पर खून के निशान मिले हैं, जिनकी जांच डॉग स्क्वायड की मदद से की जा रही है।
पुलिस स्कूल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा और आरोपियों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।