मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक नगर श्री सत्यनारायण प्रजापत ने आज 10 नवंबर 2025 को नगर क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बीडीडीएस, डॉग स्क्वाड और एस-चेक टीम के साथ प्रमुख स्थानों पर जांच की गई।
अभियान के तहत रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, प्रतिष्ठानों और भीड़भाड़ वाले मार्गों पर संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों, बैगों तथा लावारिस वस्तुओं की गहनता से जांच की गई। सुरक्षा की दृष्टि से सार्वजनिक स्थलों पर खड़े वाहनों और संदिग्ध वस्तुओं को डॉग स्क्वाड तथा बीडीडीएस टीम ने सावधानीपूर्वक चेक किया।
पुलिस अधीक्षक नगर ने मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को भीड़भाड़ वाले समय में सतर्क रहने तथा हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस गश्त के दौरान आमजन से संवाद स्थापित कर सुरक्षा की भावना को मजबूत करने पर भी जोर दिया।
अभियान के उपरांत, पुलिस अधीक्षक नगर ने पुलिस बल के साथ बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर पैदल गश्त की। उन्होंने आमजन से बातचीत कर उन्हें सुरक्षा का एहसास कराया और अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस नियंत्रण कक्ष या निकटतम थाने को दें।
इस अवसर पर सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर श्री सिद्धार्थ के. मिश्रा सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। इसके अतिरिक्त, जनपद मुजफ्फरनगर के समस्त क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों ने भी अपने-अपने सर्किल और थाना क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। उन्होंने बैरियर लगाकर वाहनों की जांच की और पैदल गश्त कर आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।