मुजफ्फरनगर में काट दिया बहन का गला, प्रेमी को छोड़ने को तैयार नहीं थी अदीबा

Sister's Throat Slit in Muzaffarnagar; Adiba Refused to Leave Her Lover

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर जिले के गांव आदमपुर में अदीबा का एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। परिजनों ने उसे काफी समझाया, लेकिन वह युवक के साथ शादी करने की जिद पर अड़ी थी। गुस्साए भाई ने उसकी हत्या कर दी और फरार हो गया।

गांव निवासी शकील कुरैशी की बेटी अदीबा पिछले डेढ़ साल से गांव पलड़ी में अपने रिश्तेदार के यहां रह रही थी। शनिवार देर शाम परिजन उसे घर लेकर आए थे। रविवार दोपहर युवती, उसका भाई व मां घर पर थे। बताया कि अदीबा का एक युवक से लंबे समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। आमिर और परिवार के लोग अदीबा को समझा रहे थे, कि वह इस रिश्ते को खत्म कर दे, बहुत बदनामी हो रही है। मगर अदीबा नहीं मान रही थी। वह युवक से शादी करने की जिद पर अड़ी थी।

अचानक गुस्से में आकर आमिर ने धारदार हथियार से अदीबा का गला रेत दिया और फरार हो गया। सूचना पर पुलिस पहुंची और गांव में भीड़ जुट गई। पुलिस ने अदीबा को अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसके मृत होने की पुष्टि कर दी। शाहपुर पुलिस के साथ एसपी देहात अक्षय संजय महादीक ने भी मौके पर आकर जांच पड़ताल की। साथ ही अदीबा के परिजनों से भी पूछताछ की।

एसपी देहात का कहना है कि हत्यारोपी भाई फरार है, उसकी तलाश के लिए टीम का गठन किया गया है। साथ ही जांच की जा रही है कि भाई के अलावा और कौन लोग युवती की हत्या में शामिल रहे। इसके अलावा जिस युवक के साथ युवती का प्रेम प्रसंग बताया जा रहा है, उससे भी पूछताछ कर जाएगी।

खून से सना कमरा
जिस कमरे में अदीबा की हत्या की गई, उस कमरे में हर जगह खून ही खून पसरा हुआ था। ग्रामीणों ने मंजर देखा तो रूह कांप उठी। वहीं अदीबा के परिजन भी बुरी तरह बिलख रहे थे। साथ ही उस युवक को भी कोस रहे थे, जिसके साथ उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।