मुजफ्फरनगर के किसान परिवार के बेटे को अरुणाचल प्रीमियर लीग में एक लाख में खरीदा

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में अरुणाचल प्रीमियर लीग में मुजफ्फरनगर के युवा क्रिकेटर शोहराब पठान का चयन हुआ है। बुढ़ाना ब्लॉक के गांव हुसैनपुर कलां के किसान परिवार से आने वाले शोहराब पारे पेंथर्स टीम की ओर से खेलेंगे। टीम ने उन्हें एक लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया है।

लीग का आयोजन एक सितंबर से शुरू होगा। इस टूर्नामेंट में आठ टीमें हिस्सा लेंगी। शोहराब की टीम का पहला मैच छह सितंबर को होगा। क्रिकेट प्रेमी फैनकोड एप्लिकेशन पर मैच का सीधा प्रसारण देख सकेंगे।

शोहराब ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने पिता और कोच अजय यादव को दिया है। गांव में उनके चयन की खबर से खुशी का माहौल है। इदरीश खान, अलीमिया खान, साहिल राणा, बेजाद, बेताब और नाजिम राणा समेत कई लोगों ने उन्हें बधाई दी है। शोहराब की यह उपलब्धि जिले के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।