सोरम सर्वखाप पंचायत कल से: व्यवस्थाओं का लिया जायजा

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर जनपद के सोरम में 16, 17 और 18 नवंबर को आयोजित होने वाली सर्वखाप पंचायत की तैयारियां अंतिम चरण में पहुँच गई हैं। बालियान खाप के चौधरी नरेश टिकैत और सर्वखाप मंत्री चौधरी सुभाष बालियान ने पंचायत स्थल का व्यापक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

दोनों पदाधिकारियों ने जर्मन हैंगर पंडाल, बिजली व्यवस्था, भंडारे के स्थान, पार्किंग स्थल और मुख्य मंच के आसपास की तैयारियों पर कार्यकर्ताओं के साथ विस्तृत चर्चा की। इस दौरान रसूलपुर, काकड़ा, गोयला, सिसौली, शाहजुद्दी और गठवाला खाप सहित कई गांवों के जिम्मेदार लोगों ने तैयारियों में सहयोग दिया।

आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम के लिए 200 से अधिक स्वयंसेवक तैयार किए जा रहे हैं, जिन्हें पहचान पत्र भी जारी किए जाएंगे। ये स्वयंसेवक यातायात व्यवस्था, पार्किंग, बिजली प्रबंधन, वीआईपी आगमन और खाप चौधरियों को मंच तक पहुंचाने जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालेंगे।

स्मारक पर होगा हवन

कार्यक्रम की रूपरेखा बताते हुए चौधरी नरेश टिकैत और सर्वखाप मंत्री सुभाष बालियान ने कहा कि 16 नवंबर की सुबह चौधरी कबूल सिंह और चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत स्मारक पर हवन-यज्ञ होगा। इसके बाद स्वामी ओमानंद जी महाराज चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत की मूर्ति का अनावरण करेंगे। तत्पश्चात सर्व समाज एवं सर्वखाप सम्मेलन का औपचारिक शुभारंभ होगा, जिसमें क्षेत्रीय, सामाजिक एवं राष्ट्रीय मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

तैयारियों के बीच सुरक्षा व्यवस्था भी प्रशासन की प्राथमिकता रही। एसपी देहात आदित्य बंसल और क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह ने पंचायत स्थल पर पहुंचकर पुलिस व्यवस्था और सुरक्षा की समीक्षा की।

उन्होंने आयोजक मंडली के सदस्य मास्टर रामपाल सिंह से संभावित भीड़, विशिष्ट अतिथियों के ठहरने, भोजन और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए पंचायत स्थल पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए, जिसकी जिम्मेदारी पुरकाजी चेयरमैन जहिर फारूकी को सौंपी गई है। इसके अतिरिक्त, आसपास की सभी नगर पंचायतों और नगर पालिकाओं को पानी के टैंकर, मोबाइल टॉयलेट और सफाई कर्मियों की तैनाती के लिए अलर्ट कर दिया गया है।