मुजफ्फरनगर में खुद को आग लगाकर दौड़ा छात्र, कॉलेज ने परीक्षा फॉर्म नहीं जमा करने दिया था

मुजफ्फरनगर। यूपी के मुजफ्फरनगर में डीएवी कॉलेज के कैंपस में छात्र ने शुक्रवार दोपहर खुद को आग लगा ली। प्रिंसिपल ने फीस जमा न होने पर उसे परीक्षा देने से रोक दिया था। उसे परीक्षा फॉर्म भी नहीं जमा करने दिया था। उसके साथी छात्र ने प्रिंसिपल पर मारपीट के आरोप लगाए हैं।

शनिवार को घटना का वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो में छात्र उज्ज्वल राणा कह रहा है कि प्रिंसिपल ने छात्रों के सामने उसकी बेइज्जती की। कहा- धर्मशाला नहीं खोल रखी है। इसके नाराज छात्र ने बैग से पेट्रोल की बोतल निकाली और खुद पर छिड़ककर आग लगा ली।

प्रत्यक्षदर्शी छात्र ने बताई पूरी घटना

प्रत्यक्षदर्शी छात्र शोभन ने बताया- गुरुवार को उज्ज्वल को बहुत पीटा गया था। पहले प्रिंसिपल ने दो पुलिसकर्मियों के साथ उसकी पिटाई की। इसके बाद पीटीआई ने भी उसे कमरे में बंद करके मारा। पुलिस ने कहा था कि जो भी छात्र उज्जवल का समर्थन करेगा, उसपर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे उसने कैंपस में टीचर के सामने ही खुद पर पेट्रोल डाला और माचिस हाथ में ली, लेकिन किसी ने उसे रोकने की कोशिश नहीं की। सब खड़े देखते रहे।

टीचर के सामने ही उसने खुद को आग लगा ली और तड़पते हुए क्लासरूम की ओर भागा। उसे जलता देख टीचर दूर भाग गए। हम छात्रों ने किसी तरह कमरे में घुसकर उसके ऊपर बैग और कपड़े डालकर आग बुझाने की कोशिश की, फिर पानी डाला।

इस दौरान कोई भी टीचर मदद के लिए आगे नहीं आया। कॉलेज में कार खड़ी थी, लेकिन उसे अस्पताल नहीं ले जाया गया। करीब आधे घंटे तक वो तड़पता रहा। इसके बाद पुलिस पहुंची और एम्बुलेंस से उसे अस्पताल भिजवाया गया।