मुजफ्फरनगर। जनपद के भोपा क्षेत्र स्थित गंगनहर में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब ग्रामीणों ने नहर के बीचों-बीच एक अज्ञात युवक का शव बहता हुआ देखा। लेकिन पानी के तेज उफान के कारण शव को बाहर नहीं निकाला जा सका और पुलिस को बैरंग लौटना पडा।।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह हमेशा की तरह ग्रामीण गंगनहर के किनारे नहा रहे थे और अपने पशुओं को नहला रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर पानी के बीच बह रहे एक शव पर पड़ी। शव देखते ही वहां कौतूहल और दहशत का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना भोपा थाना पुलिस को दी। देखते ही देखते मौके पर दर्जनों लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुँची स्थानीय पुलिस ने शव को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन पानी के जानलेवा बहाव के आगे पुलिस की कोशिशें नाकाम रहीं।
बचाव में बाधक बना पानी का उफान
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुँचा। पुलिसकर्मियों ने रस्सियों और स्थानीय गोताखोरों की मदद से शव को किनारे लाने की कोशिश की, लेकिन पिछले 4-5 दिनों से गंगा का जलस्तर बढ़ा हुआ है और बहाव अत्यंत तीव्र है। तेज करंट के कारण देखते ही देखते शव पुलिस की पहुंच से दूर निकल गया, जिसके बाद पुलिस टीम को खाली हाथ वापस लौटना पड़ा।
ग्रामीणों में दहशत का माहौल
स्थानीय निवासियों का कहना है कि वर्तमान में गंगनहर का बहाव इतना तेज है कि किनारे पर खड़े होने में भी डर लगता है। पशुपालक भी अपने मवेशियों को केवल किनारे पर ही नहला रहे हैं ताकि कोई अप्रिय घटना न हो जाए। पुलिस अब आगे के थानों और चौकियों को सूचित कर शव की तलाश और शिनाख्त की कोशिशों में जुट गई है।