मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के छछरौली क्षेत्र के भोकरहेड़ी गांव में तीन किसानों के नलकूपों से चोरी की घटना सामने आई है। चोरों ने नलकूपों से केबल, स्टार्टर और कटआउट सहित अन्य सामान चुरा लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित किसानों ने अज्ञात चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
भोपा थाना क्षेत्र के भोकरहेड़ी निवासी मदन चेयरमैन ने बताया कि सोमवार सुबह जब वह अपने नलकूप पर गए, तो उन्होंने ट्यूबवेल की दीवार टूटी हुई पाई। चोरों ने दीवार तोड़कर अंदर से केबल, स्टार्टर और कटआउट जैसे उपकरण चुरा लिए थे। इसी तरह, चोरों ने किसान भूपेंद्र लंबरदार और किसान सुधीर के नलकूपों को भी निशाना बनाया।
हाल के दिनों में क्षेत्र में दर्जनों नलकूपों पर चोरी की घटनाएं हुई हैं, जिससे किसानों में लगातार रोष बढ़ रहा है। किसानों ने पुलिस प्रशासन से इन लगातार हो रही चोरियों पर अंकुश लगाने और अज्ञात चोरों को जल्द गिरफ्तार करने की अपील की है। थाना प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह ने आश्वासन दिया है कि घटना का जल्द ही खुलासा कर चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।