मुजफ्फरनगर में खेतों पर चोरों का कहर, ट्यूबवेलों से मोटर-स्टार्टर चोरी, किसानों में दहशत

मुजफ्फरनगर। जनपद मुजफ्फरनगर के चरथावल थाना क्षेत्र में किसानों की ट्यूबवेलों पर लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने ग्रामीण इलाकों में भय और नाराजगी का माहौल पैदा कर दिया है। खेतों में लगी मोटर, स्टार्टर, बिजली के तार और अन्य कीमती उपकरणों पर चोर लगातार हाथ साफ कर रहे हैं, जबकि पुलिस अब तक इन घटनाओं पर अंकुश लगाने में नाकाम नजर आ रही है।

ताजा मामला थाना क्षेत्र के रोनी हाजीपुर गांव का है, जहां अज्ञात चोरों ने किसान धूली सिंह की ट्यूबवेल को निशाना बनाते हुए वहां से मोटर, स्टार्टर, बिजली के तार और अन्य जरूरी उपकरण चोरी कर लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद चोर मौके से फरार हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। किसानों ने लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर गहरी नाराजगी जताई और पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए।

लगातार हो रही घटनाओं से किसानों में डर
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में यह कोई पहली घटना नहीं है। पिछले कुछ समय से लगातार किसानों की ट्यूबवेलों को निशाना बनाया जा रहा है। रोनी हरजीपुर, अलीपुरा क्यामपुर और दूधली गांव में भी इसी तरह की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन अब तक किसी बड़े गिरोह का खुलासा नहीं हो पाया है।

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के चलते किसान रात में अपने खेतों की रखवाली करने को मजबूर हैं। किसानों का कहना है कि खेती पहले ही महंगी होती जा रही है और ऊपर से चोरी की घटनाएं उनकी परेशानियां बढ़ा रही हैं।

मौके पर पहुंचे भाकियू नेता विकास शर्मा
घटना की सूचना मिलने पर भारतीय किसान यूनियन के नेता विकास शर्मा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर पूरी स्थिति का जायजा लिया और पुलिस प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की।

विकास शर्मा ने कहा कि किसानों की मेहनत और रोजी-रोटी पर लगातार हमला हो रहा है, लेकिन प्रशासन इस मामले को गंभीरता से नहीं ले रहा। उन्होंने कहा कि यदि जल्द चोरों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो किसान आंदोलन करने को मजबूर होंगे।