मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के शाहपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत पलड़ी में एक स्कूल के ऊपर से 11,000 वोल्ट की हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। मोहल्ला रठाण पट्टी स्थित यह स्कूल सैकड़ों बच्चों के लिए खतरे का सबब बना हुआ है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने इस खतरे के बारे में कई बार बिजली विभाग को सूचित किया है, लेकिन उनकी शिकायतों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे बच्चों की सुरक्षा को लेकर उनकी चिंता बढ़ गई है। इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए ग्रामीण एकजुट हुए हैं। शिकायतकर्ता यूनुस, राशिद, रिजवान और काला प्रधान के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने आदमपुर बिजली घर पहुंचकर अपना विरोध दर्ज कराया।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस विद्युत लाइन को स्कूल के ऊपर से नहीं हटाया गया, तो वे मुजफ्फरनगर डीएम कार्यालय का घेराव करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि समस्या का समाधान न होने तक वे वहां अनिश्चितकालीन धरना देंगे। इस संबंध में जब जेई जयराम से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि यह मामला उनके संज्ञान में नहीं था। उन्होंने आश्वासन दिया कि जानकारी मिलने के बाद इस पर जल्द कार्रवाई की जाएगी।