मुजफ्फरनगर में दर्दनाक हादसा: बारिश से बच रहे मां-बेटे को तेज रफ्तार DCM ने कुचला

मुजफ्फरनगर। जिले के छपार थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर रामपुर तिराहे के पास एक हृदयविदारक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें तेज रफ्तार डीसीएम की चपेट में आने से मां और उसके मासूम बेटे की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई और परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, खतौली के इस्लामनगर निवासी रशीद की पत्नी गुलनाज अपने तीन वर्षीय बेटे शादाब के साथ रामपुर तिराहे के पास मौजूद थीं। अचानक बारिश शुरू होने पर दोनों सड़क किनारे एक पेड़ के नीचे खड़े होकर बचाव करने लगे। इसी दौरान मुजफ्फरनगर की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार डीसीएम अनियंत्रित हो गई और सीधे पेड़ के नीचे खड़े मां-बेटे को कुचलते हुए निकल गई।

हादसा इतना भीषण था कि गुलनाज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल शादाब को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक देखते हुए उसे मेरठ रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।