मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के मोरना ब्लॉक क्षेत्र के कमहेड़ा गांव स्थित गंगनहर पटरी पर दो विशालकाय अजगर देखे गए। घनी झाड़ियों से निकलकर अजगर सड़क पर आ गए, जिससे ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और उन्हें देखने के लिए मौके पर भीड़ उमड़ पड़ी।
यह घटना ककरौली क्षेत्र में हुई। ग्रामीणों ने बताया कि कम्हेड़ा और जटवाड़ा गांव के बीच गंगनहर पटरी पर निकले इन अजगरों में से एक की लंबाई लगभग 15 फुट थी।
अजगरों के सड़क पर आने की सूचना तत्काल वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और दोनों अजगरों को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया।
मोरना ब्लॉक क्षेत्र में अजगरों के दिखने की यह कोई पहली घटना नहीं है। शुक्रतारी के जंगल में लगातार तीन अजगर दिखाई दे रहे हैं। इसके अतिरिक्त, तीन दिन पहले जॉली नहर पटरी से भी वन विभाग द्वारा एक विशालकाय अजगर का रेस्क्यू किया गया था। कमहेड़ा नहर पटरी पर निकले इन अजगरों को लेकर ग्रामीण कौतूहल में हैं।