मुजफ्फरनगर। पुरकाजी थाना क्षेत्र में लक्सर मार्ग पर सुवाहेड़ी गांव के निकट दो बाइकों की आमने-सामने की जबरदस्त भिड़ंत हो गई। पुलिस ने दोनों युवकों को अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दोनों में से किसी भी युवक ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। टक्कर लगने के बाद सड़क पर गिरने के कारण उनके सिर में गहरी चोट लगी थी, यदि हेलमेट पहने होते, तो उनकी जान बच भी सकती थी।
पुरकाजी थाना क्षेत्र के गांव रंडावली निवासी 28 वर्षीय आशीष पुत्र मूलचंद दूधिया का काम करता था। मंगलवार की शाम लगभग पौने सात बजे वह बाइक पर कैन लटकाकर गांव हरिनगर में पशुपालकों के यहां से दूध लेने जा रहा था। जब वह सुवाहेडी गांव के निकट पहुंचा, तो सामने से आते बाइक सवार 25 वर्षीय शुभम पुत्र रामशरण निवासी ग्राम कुरड़ी थाना मंगलौर (उत्तराखंड) से जबरदस्त टक्कर हो गई।
दोनों युवक दूर जा गिरे और सड़क में उनका सिर लगा। मौके पर राहगीर इकट्ठा हो गए और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों युवकों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पुरकाजी पहुंचाया। यहां चिकित्सक ने इन्हें मृत घोषित कर दिया। आशीष के स्वजन भी अस्पताल पहुंच गए।
आशीष के परिवार में तीन भाई और हैं, उनमें आशीष तीसरे नंबर का था। पिता मूलचंद मजदूरी करते हैं। मालूम चला है कि बाइक सवार शुभम लक्सर से अपने गांव लौट रहा था, लेकिन उसने भी हेलमेट नहीं पहना था।