उज्ज्वल राणा की मौत का मामला गरमाया, डीएवी कॉलेज बंद, गेट पर छात्रों का हंगामा

Ujjwal Rana's death case heats up, DAV College shuts down, students protest at gate
Ujjwal Rana's death case heats up, DAV College shuts down, students protest at gate

मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना में छात्र उज्ज्वल राणा की मौत के बाद मामला तूल पकड़ गया है। छात्रों ने आरोप लगाया कि कॉलेज प्रशासन की ओर से फीस के लिए कथित दबाव बनाया गया था। डीएवी कॉलेज के गेट पर छात्रों ने धरना देकर कार्रवाई की मांग की।

बुढ़ाना क्षेत्र के डीएवी डिग्री कॉलेज में छात्र उज्ज्वल राणा की मौत के बाद मामला गंभीर हो गया है। सोमवार को कॉलेज गेट पर छात्रों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। छात्रों ने कॉलेज के मुख्य गेट को बंद कर धरना शुरू कर दिया।

छात्रों का आरोप है कि उज्ज्वल राणा को कॉलेज प्रशासन की ओर से फीस जमा कराने को लेकर कथित रूप से लगातार दबाव और मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा था। इसी तनाव के चलते छात्र ने खुदकुशी का कदम उठाया।

उज्ज्वल राणा को गंभीर हालत में सफदरजंग अस्पताल, दिल्ली में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सोमवार दोपहर बुढ़ाना में उसका अंतिम संस्कार किया जाना है।

प्रदर्शनकारी छात्रों ने कहा कि कॉलेज प्रशासन द्वारा फीस को लेकर जिस तरह का रवैया अपनाया गया, उसने उज्ज्वल को मानसिक रूप से तोड़ दिया। छात्रों का कहना है कि वे अपने साथी की मौत को यूं ही नहीं जाने देंगे और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करवाकर ही आंदोलन समाप्त करेंगे।

छात्रों ने मामले की निष्पक्ष जांच, संबंधित लोगों पर FIR और कॉलेज प्रशासनिक आडिट की मांग की है। फिलहाल कॉलेज परिसर में भारी पुलिस तैनाती की गई है और हालात काबू में बताए जा रहे हैं।