थार से खतरनाक स्टंट का वीडियो: मुजफ्फरनगर में छात्र ने खिड़की से लटककर बनाई रील

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में स्टंटबाजी का चलन थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन युवा सड़कों पर जान जोखिम में डालकर स्टंट करते नजर आ रहे हैं, जिससे न केवल उनकी अपनी जान खतरे में पड़ रही है, बल्कि आम राहगीरों की सुरक्षा भी दांव पर लग रही है।

ताजा मामला नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के परिक्रमा मार्ग स्थित श्रीराम ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के बाहर का है। यहां कॉलेज की ड्रेस में एक छात्र ने थार गाड़ी से खतरनाक स्टंट करते हुए वीडियो बनाया। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि छात्र चलती गाड़ी का स्टेयरिंग छोड़कर खिड़की से बाहर लटक रहा है।

कई स्टंटबाजी के वीडियो सामने आ चुके

वीडियो में यह छात्र कभी गाड़ी की छत पर बैठकर तो कभी खिड़की से बाहर लटककर स्टंट करता नजर आ रहा है। इस दौरान वह अपनी मूंछों पर भी ताव दे रहा है। यह घटना तब हुई जब सड़क पूरी तरह से टूटी हुई और ऊबड़-खाबड़ थी, जिससे जोखिम और बढ़ गया।

इस तरह की लापरवाहीपूर्ण हरकतें यातायात नियमों का खुला उल्लंघन हैं और गंभीर दुर्घटनाओं को न्योता देती हैं। बावजूद इसके, युवाओं में सोशल मीडिया पर वायरल होने की होड़ में ऐसे खतरनाक स्टंट करने का सिलसिला लगातार बढ़ता जा रहा है।

यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है। अब देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारी इस तरह की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए क्या कदम उठाते हैं। आपको बता दें कि इससे पहले भी हाल ही के दिनों में थार कार से कई स्टंटबाजी के वीडियो सामने आ चुके हैं।