मुजफ्फरनगर में तलवार लहराकर धमकी का वीडियो वायरल: नौकरी से निकाले जाने पर रंजिश

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में अवैध हथियार के साथ जान से मारने की धमकी देते हुए एक व्यक्ति का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इस मामले में मीरापुर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

ककरौली थाना क्षेत्र के गांव बेहड़ा निवासी गुलशेर पुत्र शफीक ने मीरापुर थाने में तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि उनके भाई नौशाद सऊदी अरब की एक कंपनी में कार्यरत हैं। इसी कंपनी में मीरापुर क्षेत्र के गांव रसूलपुर निवासी भी काम करता था। गुलशेर के अनुसार, आरोपी नशे का आदी था, जिसकी जानकारी नौशाद ने कंपनी मालिक को दी थी। इसके बाद कंपनी मालिक ने जुल्फिकार को नौकरी से निकाल कर भारत वापस भेज दिया।

आरोपी अपनी नौकरी जाने का कारण नौशाद को मानता है और तब से उन्हें लगातार जान से मारने की धमकी दे रहा है। आरोपी ने नौशाद के मोबाइल पर एक वीडियो भेजा है। इस वीडियो में वह हाथ में अवैध हथियार (तलवार) लेकर नौशाद को जान से मारने की धमकी देता हुआ स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। मीरापुर थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव शर्मा ने बताया कि उन्हें इस संबंध में शिकायत मिली है। पुलिस आरोपी जुल्फिकार की तलाश कर रही है।