शामली में बनियान पहन सरकारी डॉक्टर ने मंगेतर संग ड्यूटी रूम में की डांस पार्टी

Uttar Pradesh Viral Video: उत्तर प्रदेश के शामली जनपद के कांधला स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सरकारी अस्पताल के एक डॉक्टर का अपनी मंगेतर के साथ डांस करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस डांस का वीडियो सरकारी अस्पताल के आवास में रिकॉर्ड किया गया बताया जा रहा है. वीडियो के वायरल होते ही स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया और डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई.

सगाई होने की खुशी में मंगेतर संग मारे ठुमके

वीडियो में देख सकते हैं कि डॉक्टर, जिनकी पहचान अफकार सिद्दीकी के रूप में हुई है. वह सफेद रंग की बनियान और काले रंग के लोवर में डांस करते नजर आ रहे हैं. जानकारी के मुताबिक, डॉक्टर अपनी मंगेतर के साथ सगाई होने की खुशी में डांस कर रहे हैं. बैकग्राउंड में बॉलीवुड गाना चल रहा है, जिस पर दोनों खुशी से ठुमके मार रहे हैं. डॉक्टर दो साल से कांधला CHC में तैनात थे.

यह वीडियो सोशल मीडिया पर लीक हो गया और देखते ही देखते ट्रेंडिंग बन गया. घटना सामने आने के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी(CMO) ने जांच के आदेश दिए और वहीं अस्पताल के अधीक्षक डॉ. वीरेंद्र सिंह ने डॉक्टर को कारण बताओ नोटिस जारी किया और साथ ही उनको आवास खाली करने का निर्देश भी दिया.

डॉक्टर से खाली कराया गया आवास

अस्पताल के अधीक्षक डॉ. वीरेंद्र सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा,” डॉ. अफकार सिद्दीकी ने सगाई की खुशी में अपनी मंगेतर के साथ डांस पार्टी की थी, लेकिन गलती से उन्होंने यह पार्टी सरकारी अस्पताल के आवास में कर ली, जिसके चलते हमने उनसे वह कमरा खाली करवा दिया. साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी गई है.”