दारोगा से मावे के पैसे क्या मांग लिए…बुरा मान गए, कहा-होली आने दो

मुजफ्फरनगर। मावा कारोबारी ने दारोगा से मावे के रुपये क्या मांग लिए, दारोगा को बुरा लग गया। उन्होंने रुपये देने से तो मना नहीं किया, लेकिन तीखे शब्दों में हिदायत जरूर दे दी। कहा कि दीपावली पर तो उस पर कोई कार्रवाई नहीं की, लेकिन होली पर उसे देख लेंगे। दारोगा और मावा कारोबारी की बातचीत का आडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। कारोबारी के गांव के पूर्व प्रधान ने उक्त दारोगा को भ्रष्ट बताया और कार्रवाई की मांग की।

शुक्रवार को इंटरनेट मीडिया पर एक आडियो प्रसारित हुआ, जिसमें गांव बरवाला निवासी मावा कारोबारी लियाकत से हरसौली चौकी पर तैनात दारोगा प्रवीण कुमार शर्मा बात कर रहे हैं। इससे पहले चौकी पर तैनात सिपाही विक्रम भी लियाकत से बात करते हैं और कहते हैं कि उसके मावे के कितने रुपये हैं। इस पर लियाकत कहता है कि 25 किलो मावा गया था, जिसके 7500 रुपये बनते हैं। सिपाही विक्रम कहता है कि पाउडर वाला मावा बेचने की एवज में तो तुमने मावा निश्शुल्क भिजवाया था।

लियाकत कहता है कि इससे पहले भी शादी के लिए दारोगा ने मावा मंगाया था, उसके पैसे तो आ गए। अब उसने बहुत ही अच्छी क्वालिटी का मावा भिजवाया है। उसके पैसे रुके हुए हैं। इसके बाद खुद दारोगा प्रवीण कुमार कारोबारी लियाकत से फोन पर बात कर कहते हैं कि पैसे तो भेज रहा हूं, लेकिन देख लेना। दीपावली पर तुम्हारे पास कोई नहीं आया, लेकिन होली आने दो, जब देखता हूं। अब तो वह रुपये 7500 रुपये दे रहे हैं। इस आडियो को लेकर गांव बरवाला के पूर्व प्रधान व पूर्व जिला पंचायत सदस्य धीरेंद्र सिंह ने बताया कि लियाकत गांव में ही मावा बनाकर दुकानों पर सप्लाई करने का कार्य करता है। दारोगा ने क्षेत्र में अति कर रखी है। लगातार शिकायतें मिलती है। इस पर कार्रवाई की जानी चाहिए।