मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के चरथावल कस्बे में मंगलवार देर शाम एक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। टहलने निकली महिला को एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी, जिससे वह पास की नहर में जा गिरी और डूबने से उसकी जान चली गई। यह घटना रात करीब 8 से 9 बजे के बीच हुई।
मोहल्ला नहर बस्ती निवासी 45 वर्षीय इमराना पत्नी आस मोहम्मद चरथावल-कुटेसरा मार्ग पर टहल रही थीं। राजू कश्यप की आरा मशीन के पास एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि इमराना नहर में जा गिरीं।
आसपास मौजूद युवकों ने तुरंत नहर में कूदकर महिला को बाहर निकाला। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चरथावल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने इमराना को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर एकत्र हो गए। इंस्पेक्टर क्राइम जय किशोर और चौकी प्रभारी राजेश शर्मा मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। बताया गया है कि कार चालक वाहन को कुछ दूरी पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश जारी है। चरथावल प्रभारी निरीक्षक सत्यनारायण दहिया भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और घटना की जानकारी ली।