भोपा नहर में महिला कूदी:कांस्टेबल और गोताखोर ने जान बचाई, पुलिस जांच में जुटी

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के भोपा में सोमवार दोपहर एक महिला ने गंग नहर पुल से छलांग लगा दी। पुलिस और एक गोताखोर ने अपनी जान जोखिम में डालकर महिला को सकुशल बाहर निकाला।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला के नहर में गिरते ही मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों में हलचल मच गई। ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल मनीष कुमार और गोताखोर राजीव बेनीवाल ने तुरंत नहर में छलांग लगा दी।

तेज पानी की लहरों के बीच काफी देर तक बचाव अभियान चला। कांस्टेबल मनीष कुमार और गोताखोर राजीव बेनीवाल ने महिला को सकुशल बाहर निकाला। प्राथमिक उपचार के बाद महिला की हालत सामान्य बताई जा रही है।

इस बचाव अभियान के दौरान महिला उपनिरीक्षक अजय यादव, हेड कांस्टेबल मनोज शर्मा सहित अन्य पुलिसकर्मी भी मौके पर मौजूद रहे और बचाव कार्य में सहयोग किया।

महिला द्वारा यह कदम उठाने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। कांस्टेबल मनीष कुमार और गोताखोर राजीव बेनीवाल के इस कार्य की क्षेत्र में सराहना हो रही है।