मुजफ्फरनगर में पंखे से लटका मिला महिला का शव, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप

मुजफ्फरनगर: मुजफ्फरनगर के कस्बा खतौली में जावन गांव में एक विधवा महिला का शव घर के कमरे में पंखे से लटका मिला. इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और गांव वालों ने मायके वालों को सूचना दे दी.

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान मेरठ निवासी रीना पुत्री ओमप्रकाश के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, रीना की शादी वर्ष 2016 में जावन गांव में हुई थी. वर्ष 2020 में उसके पति की मृत्यु हो गई थी, जिसके बाद वह अपने दो नाबालिग बच्चों के साथ ससुराल में ही रह रही थी.

मृतका के भाई अमित कुमार (पुत्र ओमप्रकाश) ने ससुराल पक्ष पर रीना को लगातार प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है. उन्होंने बताया कि पहले भी रीना के साथ मारपीट की घटनाएं हो चुकी थीं. परिजनों का आरोप है कि उनकी बेटी की हत्या कर शव को फांसी पर लटकाया गया है.

घटना की सूचना मिलते ही थाना खतौली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की. परिजन खतौली थाने पहुंचे और ससुराल पक्ष के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की. साथ ही ये बताया कि पति की मृत्यु के बाद इसे रोज परेशान करते थे.

थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश चंद्र ने पीड़ित परिवार को आश्वासन दिया और पूर्ण जांच पाताल करने के अगर कोई गुनहगार है तो उसे सजा दिलाई जाएगी. पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा. रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.