मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर-सहारनपुर स्टेट हाईवे पर स्थित रोहाना क्षेत्र में रविवार दो अलग-अलग सड़क हादसों से हड़कंप मच गया। इनमें से एक हादसे में तेज रफ्तार बस की टक्कर से एक स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई।
यह घटना रोहाना टोल प्लाजा के निकट हुई। एक तेज रफ्तार निजी बस ने स्कूटी सवार युवक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी स्कूटी भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
चालक मौके से फरार
हादसे के बाद बस चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। आसपास के ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
अफरा-तफरी का रहा माहौल
इसी क्षेत्र में हुए एक अन्य हादसे में, सड़क पर अचानक बच्चा आने से एक वाहन चालक ने ब्रेक लगाए। इसके चलते वाहन में लदी प्लाई सड़क पर गिर गई, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, इस घटना में कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।
चालक की तलाश जारी
स्थानीय लोगों ने हाईवे किनारे खड़े भारी वाहनों को लगातार हो रही दुर्घटनाओं का एक बड़ा कारण बताया है। पुलिस ने जानकारी दी कि मामले की जांच की जा रही है और टोल प्लाजा के सीसीटीवी कैमरों के आधार पर फरार बस और उसके चालक की तलाश जारी है।
कोतवाली प्रभारी बृजेश शर्मा ने बताया कि-
मृतक ग्राम थापली पौढ़ी गढ़वाल उत्तराखंड के 38 वर्षीय अज्ञात के रूप में हुई। पुलिस के द्वारा घायल को जिला अस्पताल भर्ती कराया गया था। जहां से मेरठ रेफर कर दिया गया था। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई है।