Shashi Tharoor and Akhilesh Yadav Parliament Video: राजनीति में सक्रिय नेताओं को आमतौर पर एक दूसरे पर कीचड़ उछालते और आलोचना करते ही देखा जाता है. वे एक दूसरे को जनता की नजरों से गिराने में कोई कसर नहीं छोड़ते. लेकिन जिंदगी में कई बार कुछ मौके अचानक ऐसे भी आ जाते हैं, जब हम उन नेताओं का मानवीय पहलू देखकर दंग रह जाते हैं. आज यानी बुधवार को संसद में ऐसा ही दिलचस्प नजारा दिखाई दिया है. जब कांग्रेस सांसद शशि थरूर संसद की सीढ़ियों से उतरते समय नीचे गिर गए. जिनमें समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने आगे बढ़कर ऊपर उठाया. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसे देखकर लोग अखिलेश यादव की सराहना कर रहे हैं.
सीढ़ियों से गिर गए थरूर, अखिलेश यादव ने दिया सहारा
वायरल वीडियो के मुताबिक, तिरुअनंतपुरम से कांग्रेस सांसद शशि थरूर बुधवार को संसद परिसर की सीढ़ियों से नीचे उतर रहे थे. उसी दौरान उनका पैर लड़खड़ाया और वे सीढ़ियों पर गिर गए. उन्हें गिरते देख पीछे खड़े अखिलेश यादव उनकी मदद के लिए एकदम से आगे बढ़े और हाथ का सहारा देकर उन्हें ऊपर उठाने में मदद की.
कैमरे में रिकॉर्ड हो गई पूरी घटना
सीढ़ियों पर गिरने की वजह से थरूर को अंदरुनी चोट लग गई थी. इसकी वजह से उठने के बाद वे साथियों और वहां मौजूद संसदीय स्टाफ का सहारा लेकर नीचे उतरते नजर आए. वहां मौजूद मीडिया के कैमरे में यह पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई. जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गई.
सत्ता और विपक्ष में चल रहा है तनाव
यह घटना ऐसे समय में हुई, जब संसद में सत्ता और विपक्ष और बीच माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है. लोकसभा में हंगामा करने के आरोप में विपक्ष के 8 सांसद निलंबित किए जा चुके हैं. सस्पेंड होने वाले सांसदों में हिबी ईडन, अमरिंदर सिंह राजा वरिंग, मणिक्कम टैगोर, गुरजीत सिंह औजला, प्रशांत यादवराव पडोले, चमला किरण कुमार रेड्डी, डीन कुरियाकोस और सीपीआई(एम) सांसद एस वेंकटेसन हैं.
संसद परिसर में विपक्ष ने किया प्रदर्शन
इन सांसदों के निलंबन के खिलाफ राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्षी सांसदों ने संसद परिसर की सीढ़ियों पर प्रदर्शन किया. उन्होंने अपने हाथों में ‘PM is compromised’ की तख्तियां ले रखी थीं. जिसका अर्थ है कि पीएम मोदी अमेरिका के हाथों देश हित को तिलांजलि दे चुके हैं. वहीं मोदी सरकार ने विपक्ष के आरोपों को गलत बताते हुए दोनों मुल्कों के बीच हुए समझौते को आपसी व्यापार के लिए बढ़िया बताया है.