सहारनपुर: यूपी के सहारनपुर में एक बार फिर हलचल मच गई है. फिर से संदिग्ध आतंकी कनेक्शन सामने आया है. भोपाल एटीएस की टीम ने यूपी एटीएफ व यूपी एसटीएफ की टीम के साथ मिलकर नानौता कस्बे से 38 साल के एक शख्स को शुक्रवार को गिरफ्तार किया. एटीएस भोपाल की टीम आरोपित को अपने साथ लेकर भोपाल निकल गई है. बताया जा रहा है कि आरोपित युवक किसी पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में था.
भोपाल एटीएस के प्रभारी राहुल कुमार शर्मा यूपी एटीएस व एसटीएफ की टीम के साथ नानौता कोतवाली में शुक्रवार की शाम को चार बजे पहुंचे. उन्होंने इंस्पेक्टर ज्ञानेश्वर बौद्ध को एक व्यक्ति के बारे में जानकारी दी. इसके बाद स्थानीय पुलिस एटीएस व एसटीएफ की टीम के साथ मुहल्ला अफगानान में पहुंचे और यहां से मुस्तफा नाम के शख्स के 38 वर्षीय बेटे नईम अब्दुल्ला को गिरफ्तार किया.
टीम प्रभारी के अनुसार नईम अब्दुल्ला किसी पाकिस्तानी हैंडलर से संपर्क में था और भोपाल एटीएस पिछले काफी समय से उसके इंटरनेट मीडिया एकाउंट पर नजर रखे थे. टीम ने आरोपित व उसके तीन स्वजन के मोबाइलों को कब्जे में लिया, जिसके बाद तीन मोबाइलों की जांच कर वापस कर दिया गया. आरोपित का मोबाइल अपने पास जांच के लिए रख लिया. वहीं आरोपित के कमरे से कई धार्मिक साहित्य व किताब भी बरामद हुई. जिसको टीम ने अपने कब्जे में ले लिया. आरोपित के मोबाइल में महत्वपूर्ण जानकारी होने का दावा किया जा रहा है.
बताया जा रहा है कि भोपाल में पहले से दर्ज एक मुकदमे में नईम अब्दुल्ला को सह-आरोपित भी बनाया गया था. वहीं आरोपित पाकिस्तान से किसी के संपर्क में था. उसी मामले के सिलसिले में यह कार्रवाई की गई. टीम प्रभारी ने बताया कि कई राज्यों में एक साथ छापेमारी चल रही है, इसलिए विस्तृत जानकारी अभी नहीं दी जा रही है ताकि आपरेशन प्रभावित न हो.
वहीं इस अचानक छापेमारी और गिरफ्तारी की खबर फैलते ही पूरे नानौता नगर में खलबली मच गई. स्थानीय लोग घटना को लेकर हैरान हैं. मोहल्लेवासियों का कहना है कि उक्त व्यक्ति ज्यादातर अपने घर के अंदर ही रहता था. आरोपित को किसी ने भी मुहल्ले में बात करते हुए नहीं देखा. थाना प्रभारी निरीक्षक ज्ञानेश्वर बौद्ध ने बताया कि यूपी एटीएस व एसटीएफ टीम के साथ भोपाल एसटीएफ आई थी. कस्बे के मुहल्ला अफगानान से नईम अब्दुल्ला नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई है.