इस्तीफा देने के बाद शेख हसीना की तरह देश छोड़कर भागे KP Oli, सेना के चॉपर से भरी उड़ान, कहां जाएंगे?

नेपाल में प्रधानमंत्री केपी ओली के इस्तीफा देने के कुछ ही घंटे बाद देश छोड़कर फरार हो गए हैं. इसको लेकर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें दिखाया गया कि ओली को हेलिकॉप्टर से देश से बाहर ले जाया जा रहा है. इसके बाद नेपाल में नई सरकार बनाने की तैयारी शुरू हो गई है. बताया जा रहा है कि नेपाल के सेना प्रमुख ने ओली को सुरक्षित रास्ता दिया, जिसके बाद वे दुबई भाग गए. राष्ट्रपति राम चंद्र पौडेल और सेना प्रमुख जनरल अशोक राज सिगडेल मिलकर नई सरकार बनाने के लिए बातचीत कर रहे हैं.

इस बीच, प्रदर्शनकारियों ने संसद और प्रधानमंत्री ओली के घर में आग लगा दी. कई जगहों पर बवाल जारी है. रिपोर्टों के अनुसार वित्त मंत्री बिष्णु प्रसाद पौडेल समेत कई मंत्रियों को प्रदर्शनकारियों ने सड़कों पर दौड़ा-दौड़ा कर पीटा.

सोशल मीडिया पर बैन, हिंसक प्रदर्शन

दरअसल, 4 सितंबर को सरकार ने फेसबुक, व्हाट्सऐप, इंस्टाग्राम, एक्स और यूट्यूब सहित 26 सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को बंद कर दिया. इस फैसले ने पहले से ही भ्रष्टाचार और सरकार की लापरवाही से नाराज जनरेशन जेड यानी Gen-Z सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतर आए. सरकार ने प्रदर्शन रोकने के लिए सख्त कार्रवाई की, जिससे हालत और बिगड़ गई और एक ही दिन में 19 लोगों की मौत हो गई. प्रदर्शनकारियों ने हार मानने से इनकार कर दिया और संसद भवन पर हमला कर दिया. सोमवार देर रात सोशल मीडिया पर लगी पाबंदी हटा दी गई, लेकिन लोग अभी भी बड़ी जवाबदेही की मांग कर रहे हैं और प्रदर्शन जारी हैं. हिंसक प्रदर्शन में अब तक 22 लोगों की मौत की खबर है, जबकि कई घायल हैं.