कठुआ में आतंकियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ जारी, भागने के सभी रास्ते बंद

Kathua Encounte: जम्मू-कश्मीर में एक बार फिर आतंक का साया मंडरा रहा है. कठुआ जिले के दूरदराज इलाके में बुधवार शाम से सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच गोलीबारी चल रही है. ये आतंकवादी पाकिस्तान से समर्थित बताए जा रहे हैं और जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े होने की आशंका है. स्थानीय लोगों की सूचना पर शुरू हुए इस ऑपरेशन ने पूरे इलाके को हाई अलर्ट पर रख दिया है. अधिकारियों का कहना है कि अंधेरे और घने जंगलों के बावजूद सर्च जारी है.

कैसे शुरू हुई मुठभेड़?
बुधवार शाम करीब 4 बजे की बात है. कठुआ के बिलावर क्षेत्र में कहोग गांव के पास कामध नाला में स्थानीय लोगों ने एक संदिग्ध व्यक्ति को देखा गया. बताया जा रहा है कि ये वही शख्स हो सकता है, जिसे सुबह धन्नू परोल इलाके में स्पॉट किया गया था. खुफिया सूचना मिलते ही स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) की टीम हरकत में आ गई. जम्मू जोन के पुलिस महानिरीक्षक (IGP) भीम सेन टूटी ने X पर पोस्ट करते हुए कहा, “कठुआ की SOG ने कामध नाला के जंगल में आतंकवादियों से मुठभेड़ की है.”

सूत्रों के मुताबिक, दो-तीन आतंकवादी यहां छिपे हुए थे. जैसे ही सुरक्षा बलों ने तलाशी शुरू की, आतंकियों ने फायरिंग कर दी. ये इलाका काफी दुर्गम है. घने जंगल, ऊबड़-खाबड़ रास्ते और शाम का अंधेरा. फिर भी SOG की बहादुर टीम ने मोर्चा संभाला हुआ है. अधिकारियों ने बताया कि CRPF की यूनिट्स भी अब इस संयुक्त अभियान में शामिल हो गई हैं. अतिरिक्त फोर्स को इलाके में भेजा गया है ताकि कोई आतंकी भाग न सके.

आतंकियों की पहचान और खतरा
अधिकारियों के अनुसार, ये आतंकवादी जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े हो सकते हैं, जो पाकिस्तान से समर्थित है. तीन आतंकियों के होने की खबर है, जो भारी हथियारों से लैस हैं.जम्मू-कश्मीर में ऐसे एनकाउंटर अक्सर देखे जाते हैं, लेकिन कठुआ जैसे बॉर्डर इलाके में ये खतरा और बढ़ जाता है. सुरक्षा बलों ने इलाके को घेर लिया और सर्चलाइट्स व अन्य उपकरणों से तलाशी ली.