Sanjay Raut: उपराष्ट्रपति चुनाव को लेकर शिव सेना (UBT) के नेता संजय राउत का सोमवार 8 सितंबर 2025 को एक बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने संसद के सभी सदस्यों से आग्रह किया कि वे सोच-समझकर, अपनी अंतरात्मा और राष्ट्रहित को ध्यान में रखते हुए वोट डालें. इसके अलावा उन्होंने पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की सार्वजनिक रूप से अनुपस्थिति को लेकर भी कई तरह के सवाल खड़े किए.
जगदीप धनखड़ कहा हैं: राउत
राउत ने कहा,’ देश के सांसद उपराष्ट्रपति पद के लिए वोट डालते हैं चाहे वह लोकसभा हो या राज्यसभा. कल प्रधानमंत्री मॉक सेशन में मौजूद थे. आज हमारे लोग मॉक सेशन में बैठेंगे. उपराष्ट्रपति पद का यह चुनाव देश के संविधान की रक्षा के लिए, लोकतंत्र के लिए और राष्ट्रहित के लिए हो रहा है.’ उन्होंने आगे कहा,’ हमारे पूर्व उपराष्ट्रपति कहां हैं, मुझे नहीं पता. जब तक जगदीप धनखड़ सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आते हम यह सवाल पूछते रहेंगे. हमारे पूर्व उपराष्ट्रपति कहां हैं.?
लोकतंत्र की स्थिति पर जताई चिंता
संजय राउत ने देश में लोकतंत्र की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा,’ इस बात को ध्यान में रखते हुए देश के सभी सांसदों को मतदान करना चाहिए. अगर लोकतंत्र की बात करने वाले को इस तरह गायब कर दिया जाए तो मेरा मानना है कि देश का लोकतंत्र खतरे में है. यह ध्यान में रखते हुए कि आज भाजपा के पास बहुमत नहीं है सभी सांसदों को यह सोचकर मतदान करना चाहिए कि देश की आत्मा क्या चाहती है और उनकी अपनी अंतरात्मा क्या चाहती है.’
शिवसेना सांसद ने की आलोचना
बता दें कि शिवसेना सांसद नरेश म्हस्के ने संजय राउत के पूर्व उपराष्ट्रपति धनखड़ पर बयान की आलोचना करते हुए कि वह केवल खबरों में बने रहने के लिए इस तरह के बयान देते हैं. म्हस्के ने कहा,’ संजय राउत सिर्फ खबरों में बने रहने के लिए ऐसे बयान देते हैं. शिवसेना (UBT) के पास संख्याबल नहीं है. उन्होंने कभी जनता के हित के लिए काम नहीं किया.’ 9 सितंबर को होने वाले उपराष्ट्रपति चुनाव में INDIA ब्लॉक समर्थित न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) बी सुदर्शन रेड्डी और NDA के उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन के बीच सीधा मुकाबला होगा.