बड़ा खुलासा! ‘किराए पर कमरा देने वाले ध्यान दें’, कंबल बेचने वाले कश्मीरी निकले पाकिस्तानी जासूस

कुपवाड़ा: अरुणाचल प्रदेश में एक बड़ा जासूसी कांड सामने आया है. पुलिस ने पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के शक में जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के दो और लोगों को पकड़ा है. ये लोग कंबल बेचने के बहाने राज्य के अलग-अलग हिस्सों में घूमकर गोपनीय जानकारी जुटा रहे थे. न्यूज एजेंसी के मुताबिक, ये गिरफ्तारियां 18 दिसंबर को हुईं और अब इस मामले में कुल पांच लोग सलाखों के पीछे हैं.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान और कुल संख्या
अरुणाचल प्रदेश के आईजीपी (कानून और व्यवस्था) चुखु आपा ने बताया कि गिरफ्तार लोगों के नाम एजाज अहमद भट और बशीर अहमद गनई हैं. दोनों कुपवाड़ा के रहने वाले हैं. इन्हें जम्मू-कश्मीर से अरुणाचल लाया गया और अभी पुलिस हिरासत में हैं. चुखु आपा ने बताया “इन दो गिरफ्तारियों के साथ जासूसी मामले में कुल आरोपी पांच हो गए.” ये लोग राज्य के संवेदनशील इलाकों से जानकारी इकट्ठा कर पाकिस्तान में बैठे अपने आकाओं को भेज रहे थे. पुलिस फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार कर रही है और शुरुआती जांच में पाक कनेक्शन साफ दिख रहा है.

पहले हुईं तीन गिरफ्तारियां
यह मामला 21 नवंबर से शुरू हुआ. सबसे पहले ईटानगर पुलिस ने कुपवाड़ा के ही नजीर अहमद मलिक और साबिर अहमद मीर को पकड़ा. इनके पास से खुफिया इनपुट मिला था कि ये जासूसी कर रहे हैं. फिर शब्बीर अहमद खान (भी कुपवाड़ा का) को ईटानगर में गिरफ्तार किया गया. आईजीपी ने कहा कि ये सभी कंबल बेचने का काम करते थे, जिससे आसानी से घूम-फिर कर जानकारी जुटा लेते थे.

पुलिस की टीम ने कैसे पकड़ा जासूसी गिरोह?
आईजीपी चुखु आपा ने बताया कि विश्वसनीय खुफिया जानकारी मिली थी कि अरुणाचल में एक जासूसी नेटवर्क सक्रिय है. ईटानगर एसपी जुम्मार बसर की टीम ने मेहनत की. दो आरोपी कुपवाड़ा से पकड़े गए, जबकि तीन ईटानगर के अलग-अलग इलाकों से. पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है. ज्यादा डिटेल्स जांच पूरी होने पर सामने आएंगी.

लोगों से अपील: किराएदार रखने से पहले सतर्क रहें
आईजीपी ने ईटानगर वासियों से अपील की कि कोई भी किराए पर घर में रखने से पहले उसके कागजात चेक करें और पुलिस वेरिफिकेशन जरूर करवाएं. उन्होंने कहा, “अगर आप ऐसा नहीं करेंगे तो खुद मुश्किल में पड़ सकते हैं.” क्योंकि जासूस किराए के मकान में रहकर आसानी से गतिविधियां चलाते हैं.