बच्चों की फिर हुई मौज, कड़ाके की ठंड और कोहरे के चक्कर में बंद स्कूल, देखें आज का अपडेट

उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड, शीतलहर और घने कोहरे का प्रकोप लगातार जारी है. कई जगहों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट के बीच बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार और पंजाब जैसे राज्यों में शिक्षा विभाग ने स्कूलों की छुट्टियां बढ़ाने का फैसला किया है. आज यानी 16 जनवरी को भी कई राज्यों में सुबह विजिबिलिटी 0 के करीब दर्ज की गई. इससे सड़कों पर आवाजाही खतरनाक हो गई है.

विभिन्न राज्य सरकारों ने जिलाधिकारियों को स्थानीय मौसम की स्थिति देखते हुए सर्दी की छुट्टियां घोषित करने के अधिकार दिए हैं. जहां कुछ जिलों में 20 जनवरी तक स्कूल बंद रखने का आदेश दिया गया है, वहीं कुछ में सीनियर क्लासेस के लिए टाइमिंग बदलकर स्कूल खोलने की अनुमति दी गई है. कड़ाके की ठंड को देखते हुए निजी स्कूलों पर भी सख्त नियम लागू किए गए हैं. जानिए दिल्ली, यूपी, बिहार और राजस्थान सहित प्रमुख राज्यों में आज स्कूल बंद हैं या खुले.

उत्तर प्रदेश: कई जिलों में 20 जनवरी तक अवकाश
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में कड़ाके की ठंड और बारिश का पूर्वानुमान देखते हुए स्कूलों की छुट्टियां बढ़ा दी गई हैं. लखनऊ, वाराणसी, आगरा और मेरठ जैसे प्रमुख शहरों में कक्षा 8वीं तक के स्कूलों को फिलहाल बंद रखा गया है. कुछ जिलों में प्रशासन ने 20 जनवरी तक फिजिकल क्लास बंद रखने और ऑनलाइन कक्षाएं चलाने के निर्देश दिए हैं. स्टूडेंट्स को अपने स्कूल में छुट्टी का स्टेटस पता कर लेना चाहिए.

देश की राजधानी दिल्ली और आस-पास के इलाकों (नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम) में भी ठंड का कहर जारी है. दिल्ली सरकार ने फिलहाल स्कूलों को पूरी तरह बंद करने के बजाय समय में बदलाव किया है. ज्यादातर स्कूल अब सुबह 9 बजे या उसके बाद शुरू हो रहे हैं. हालांकि, नर्सरी से कक्षा 5वीं तक के लिए कई निजी स्कूलों ने खुद ही छुट्टियां बढ़ा दी हैं.

राजस्थान: जयपुर और बीकानेर में कड़ाके की ठंड
राजस्थान में श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और बीकानेर जैसे इलाके कल और आज सुबह भी सबसे ठंडे दर्ज किए गए हैं. जयपुर में जिला कलेक्टर ने प्राथमिक कक्षाओं के लिए विंटर वेकेशन आगे बढ़ा दी है. वहीं, पश्चिमी राजस्थान में चल रही शीतलहर के कारण सुबह की पाली में चलने वाले स्कूलों पर पाबंदी जारी है. वहां स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है.

बिहार और पंजाब: कोहरे के कारण बढ़ी पाबंदी
बिहार के पटना सहित कई जिलों में भीषण शीतलहर (Cold Wave) को देखते हुए 8वीं तक के स्कूलों को बंद रखने का आदेश है. वहीं पंजाब और हरियाणा में भी घने कोहरे के कारण सुबह के स्कूलों का समय बदल दिया गया है. इससे बच्चों को शून्य विजिबिलिटी और कड़कड़ाती ठंड में सफर नहीं करना पड़ेगा और उनकी सेहत भी ठीक रहेगी.

स्कूल जाने से पहले अपने स्कूल के आधिकारिक वॉट्सएप ग्रुप या स्कूल मैनेजमेंट से संपर्क जरूर करें. मौसम का मिजाज देखते हुए जिला प्रशासन रातों-रात भी छुट्टियां घोषित कर रहा है