कांग्रेस नेता की शर्मनाक हरकत, भीड़ के बीचोंबीच महिला MLA को जबरदस्ती लगाया गले

Congress Leader's Shameful Act: Forcibly Hugs Female MLA Amidst a Crowd

Congress MLA Bindu Krishna: केरलम विधानसभा चुनाव में कांग्रेस नीत यूडीएफ को जीत मिली है. नतीजों के बाद केरलम के तिरुवनंतपुरम में स्थित पार्टी के मुख्यालय में जीत का जश्न मनाया गया. इस बीच एक वीडियो सामने आया है, जिसने नई चर्चा छेड़ दी है. इस विधानसभा चुनाव में बिंदू कृष्णा ने कोल्लम से जीत दर्ज की है. वह भी जश्न के बीच पार्टी कार्यालय पहुंची थी, जहां पर उनकी ही पार्टी के नेता की एक्टिविटी ने उन्हें असहज कर दिया.

दरअसल, सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में देखा जा सकता है कि 71 वर्षीय कांग्रेस नेता चेरियन फिलिप ने कोल्लम से विधायक बिंदू कृष्णा को जबरदस्ती गले लगाया. महिला विधायक ने इस दौरान काफी असहज महसूस किया. इस घटना के बाद चेरियन फिलिप की इस हरकत पर लोग अलग-अलग प्रकार की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.

पहले जानिए पूरा मामला
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चेरियन फिलिप ने तिरुवनंतपुरम स्थित केरल प्रदेश कांग्रेस के प्रांगण में अपनी महिला सहयोगी बिंदू कृष्णा को जबरदस्ती गले लगाया. यह घटना उस वक्त की है, जब जीत के बाद पार्टी मुख्यालय पर कृष्णा का स्वागत परिसर में मौजूद स्थानीय मीडिया और अन्य लोग कर रहे थे.

इसी दौरान कृष्णा लोगों का हाथ जोड़कर अभिवादन करती नजर आईं. ठीक इसी दौरान चेरियन फिलिप को भी उन्होंने देखा और उनसे हाथ मिलाने की कोशिश की, लेकिन फिलिप ने इसे नजरअंदाज किया और आगे बढ़ते हुए उन्हें गले लगाया. इस दौरान कृष्णा असहज नजर आईं. वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे कृष्णा ने तुरंत फिलिप को धक्का देते हुए दूर किया. इसके बाद वह अन्य लोगों का अभिवादन करते हुए आगे बढ़ गईं.

सोशल मीडिया वीडियो वायरल
इस पूरे प्रकरण का वीडियो सोशल मीडिया पर आग के जैसे फैल रहा है. एक यूजर ने इस वीडियो पर कहा कि यह आदमी क्या कर रहा है, क्या यह वास्तव में बीमार है? वहीं, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक यूजर ने वीडियो को साझा करते हुए कहा कि यह कितना भद्दा है और सार्वजनिक स्थान पर आपसी सहमति से एक पुरुष और एक महिला का गले मिलना गलत नहीं है, लेकिन किसी की बिना सहमति के उससे गले मिलना बेहद निंदनीय है.

सोशल मीडिया पर सामने आए इस वीडियो ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक नई बहस छेड़ दी है. वीडियो पर एक महिला यूजर ने कहा कि राज्य में विधायक भी सुरक्षित नहीं हैं। कुछ लोगों ने तो वरिष्ठ कांग्रेस नेता को पार्टी से निकालने की मांग की है. हैरान करने वाली बात है कि फिलिप से जुड़ा यह विवाद कोई नया नहीं है, इससे पहले भी वह अपने कई बयानों को लेकर सुर्खियों में रहे हैं. बता दें कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो पर पार्टी के किसी नेता का आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. इस वीडियो की हम स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करते हैं.