ड्रैगन के शौचालयों पर भरोसा नहीं या कुछ और…चीन में भी खुद का टॉयलेट लेकर गए किम जोंग, आखिर क्यों?

Why Kim Jong Un Arrive in Beijing with Private Toilet: उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन अपनी सनकपन के लिए दुनियाभर में चर्चित हैं. अब वे द्वितीय विश्व युद्ध में जापान के आत्मसमर्पण की 80वीं वर्षगांठ पर चीनी मिलिट्री परेड में शामिल होने के लिए बीजिंग पहुंचे हुए हैं. यह परेड आज बीजिंग के थियानमन स्कवेयर पर संपन्न हो गई. इस यात्रा में किम जोंग उन की बेटी किम जू ऐ भी पहली बार किसी अंतरराष्ट्रीय यात्रा में अपने पिता के साथ दिखीं.

अपना खुद का शौचालय लेकर बीजिंग पहुंचे किम

अब जो खबर छनकर सामने आ रही है, उसमें पता लगा है कि किम जोंग चीन में अपना खुद का निजी शौचालय लेकर पहुंचे हैं. वे यूरिन-टॉयलेट इसी शौचालय में कर रहे हैं. गजब बात ये है कि इस ह्यूमन वेस्ट को खास पॉलिथीन में इकट्ठा किया जा रहा है और उत्तर कोरिया पहुंचने के बाद सुरक्षित तरीके से उसे दबा दिया जाएगा. सवाल उठ रहे हैं कि आखिर यह सब क्या है. क्या किम जोंग को चीन के शौचालयों की सफाई पर भरोसा नहीं है या फिर इसके पीछे उनकी कोई और सनकपन है.

अपनी बुलेटप्रूफ ट्रेन में बनवा रखा है शौचालय

सहयोगी वेबसाइट WION के मुताबिक, किम जोंग उन जिस बुलेटप्रूफ ट्रेन से किम बीजिंग पहुंचे थे, उसमें ही उनका आलीशान निजी शौचालय बना हुआ है. अधिकारियों के अनुसार, यात्रा के दौरान केवल इसी शौचालय का इस्तेमाल किया गया. ऐसा इसलिए किया गया, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि किम के शरीर का ऐसा कोई भी अवशेष न छूट पाए, जिसका इस्तेमाल उनका डीएनए चेक करने और फिजिकल फिटनेस की जांच करने के लिए किया जा सके.

पहले भी करते रहे हैं इसका इस्तेमाल

दक्षिण कोरिया की खुफिया एजेंसी के अनुसार, यह पहली बार नहीं है जब किम किसी अंतरराष्ट्रीय यात्रा पर अपना शौचालय साथ ले गए हों. इससे पहले किम जोंग 2018 में प्योंगयांग की सीमा से सटे दक्षिण कोरियाई हिस्से में उत्तर-दक्षिण शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए ट्रेन से गए ते. उस दौरान भी उन्होंने ट्रेन में बने अपने खास शौचालय का इस्तेमाल किया था. उत्तर कोरियाई गार्ड कमांड के एक पूर्व अधिकारी ने वर्ष 2022 में द वाशिंगटन पोस्ट को दिए इंटरव्यू में बताया था कि तानाशाह को डर है कि विदेशी एजेंसियां उनके मल के जरिए उनकी सारी डिटेल हासिल कर सकती हैं.

अपनी सेहत को लेकर डरे हुए हैं किम जोंग उन!

जापानी खुफिया एजेंसियों के मुताबिक, किम जोंग उन पिछले कई वर्षों से मोटापे की समस्या से जूझ रहे हैं. मोटापे की वजह से डायबिटीज और हार्ट अटैक आने की आशंका भी बलवती हो जाती है. किम जोंग को भय है कि अगर दूसरे देशों को उनकी सेहत के बारे में पता चल गया तो इससे उनके मुल्क के लोगों में किम का दबदबा कम हो सकता है. इससे कई दशकों से चले आ रहे उनके परिवार के शासन के लिए खतरा पैदा हो सकता है.