कोयला कारोबारियों के घर ईडी का छापा, एल.बी. सिंह, कुम्भनाथ सिंह के ठिकानों पर दस्तावेज खंगाले गए

Dhanbad News: धनबाद में शुक्रवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के नामचीन कोयला व्यवसायी और आउटसोर्सिंग कंपनी संचालक एल.बी. सिंह व उनके भाई कुम्भनाथ सिंह के कई ठिकानों पर एक साथ 18 ठिकाना पर छापेमारी सुबह से चल रही. सूत्रों के अनुसार, 18 से अधिक स्थानों पर चल रही इस कार्रवाई में भारी संख्या में ईडी के अधिकारी और सुरक्षा बल मौजूद हैं.

वहीं, इस कार्रवाई को चल रहे कोयला स्कैम की जांच से जोड़कर देखा जा रहा है. धनबाद और आसपास के इलाकों में अवैध खनन और परिवहन को लेकर ईडी पहले से ही कई स्तरों पर जांच कर रही है. इसी कड़ी में दोनों भाइयों के कारोबार और वित्तीय लेनदेन की जांच की जा रही है.

एल.बी. सिंह और कुम्भनाथ सिंह धनबाद की एक प्रमुख कोयला आउटसोर्सिंग कंपनी के मालिक हैं, जिनका कारोबार कई खदान क्षेत्रों में फैला हुआ है. पिछले कई वर्षों से इन पर अवैध खनन, फर्जी टेंडर और वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगते रहे हैं.

छापेमारी के बाद एक बार फिर वह पुराना मामला चर्चा में आ गया है, जब लगभग 10 वर्ष पहले CBI ने बीसीसीएल में टेंडर घोटाला मामले की जांच के दौरान एल.बी. सिंह के ठिकाने पर छापेमारी की थी.उस दौरान एल.बी. सिंह पर CBI टीम पर फायरिंग करने का गंभीर आरोप लगा था, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार भी किया गया था. हालांकि, बाद में मामला कोर्ट में लंबा चला और वे बाहर आ गए.

वर्तमान छापेमारी में ईडी टीम की तरफ से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज़, डिजिटल रिकॉर्ड और लेनदेन से जुड़े कागजात जब्त किए जाने की खबर है. जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि कोयला आउटसोर्सिंग के नाम पर हुई कमाई में से कितनी रकम अवैध स्रोतों से आई और किन-किन चैनलों के माध्यम से उसे आगे प्रवाहित किया गया.