सट्टा, कर्ज और सनक: IRS की बेटी का कातिल पहले भी कर चुका है रेप, हिला देगी ये 10 बड़ी बातें

IRS Daughter Murde News: देश की राजधानी दिल्ली के पॉश इलाके में हुआ यह हत्याकांड सिर्फ एक क्राइम स्टोरी नहीं है, यह घटना समाज के कई कड़वे सच एक साथ सामने लाता है. सट्टा, नशा और कर्ज जैसी आदतें कैसे किसी युवा को अपराध की हद तक धकेल सकती हैं, यह मामला उसकी खौफनाक मिसाल बन गया है. एक भरोसेमंद घरेलू मददगार जो कभी घर का हिस्सा माना जाता था वही सबसे बड़ा खतरा बन गया. यह घटना सुरक्षा के उस भ्रम को तोड़ती है, जिसमें लोग मानते हैं कि उनका घर सबसे सुरक्षित जगह है. सवाल सिर्फ एक आरोपी का नहीं है. सवाल उस सिस्टम का भी है, जहां बैकग्राउंड चेक, निगरानी और सतर्कता की कमी दिखाई देती है. 54 मिनट के अंदर जो कुछ हुआ, उसने पूरे देश को झकझोर दिया है और यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि आखिर गलती कहां हुई. 22 अप्रैल 2026 की सुबह, साउथ-ईस्ट दिल्ली के कैलाश हिल्स इलाके में एक 22 साल की युवती की हत्या ने सनसनी फैला दी. इस हत्या के पीछे घर में पहले काम कर रहा नौकर राहुल मीणा था. पुलिस ने खुलासा किया है कि राहुल पहले भी राजस्थान के अलवर में एक महिला के साथ रेप कर चुका है.

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार वह एक इंजीनियरिंग ग्रेजुएट थी और UPSC की तैयारी कर रही थी. माता-पिता जिम गए हुए थे और घर में वह अकेली थी. इसी दौरान आरोपी ने मौके का फायदा उठाया. पुलिस के मुताबिक आरोपी कोई बाहरी नहीं बल्कि घर का पूर्व नौकर था, जिसे कुछ समय पहले नौकरी से निकाला गया था. शुरुआती जांच में सट्टेबाजी, नशे की लत और कर्ज का दबाव सामने आया है. CCTV फुटेज, डिजिटल ट्रैकिंग और पुलिस की तेजी से आरोपी को पकड़ लिया गया. लेकिन इस केस ने कई ऐसे सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनके जवाब अभी बाकी हैं.

54 मिनट का तांडव: 10 बड़ी बातें
घटना का समय और जगह: यह वारदात 22 अप्रैल की सुबह करीब 6:30 से 7:30 बजे के बीच दिल्ली के कैलाश हिल्स इलाके में हुई. घर में युवती अकेली थी. माता-पिता जिम गए थे. इसी दौरान आरोपी ने घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया. यह समय ऐसा था जब आसपास भी ज्यादा हलचल नहीं थी, जिससे उसे मौका मिला.

पीड़िता का प्रोफाइल: 22 साल की युवती एक इंजीनियरिंग ग्रेजुएट थी. वह सिविल सर्विस परीक्षा की तैयारी कर रही थी. उसका परिवार एक प्रतिष्ठित बैकग्राउंड से आता है. पिता वरिष्ठ IRS अधिकारी हैं. यह बात इस केस को और भी संवेदनशील बना देती है.

आरोपी की पहचान: मुख्य आरोपी राहुल मीणा, उम्र 23 साल, घर का पूर्व घरेलू सहायक था. वह करीब 8 महीने तक काम कर चुका था. उसे करीब डेढ़ महीने पहले निकाल दिया गया था. कारण था आर्थिक अनियमितताएं और पैसे उधार लेकर वापस न करना.

क्राइम की प्लानिंग: पुलिस के अनुसार आरोपी को घर की पूरी जानकारी थी. उसे पता था कि माता-पिता कब घर से बाहर जाते हैं. उसने इसी जानकारी का फायदा उठाया. वह सीधे उसी समय पहुंचा जब घर खाली था.

क्राइम की क्रूरता: जांच में सामने आया कि पहले युवती के साथ यौन शोषण किया गया. इसके बाद मोबाइल चार्जिंग केबल से गला घोंटकर हत्या की गई. यह पूरी घटना लगभग 54 मिनट तक चली, जो बेहद भयावह है.

CCTV सबूत: तीन CCTV फुटेज सामने आए हैं. 6:28 AM पर आरोपी घर की ओर जाता दिखा. 7:22 AM पर वह बैग लेकर निकलता दिखा. उसने कपड़े भी बदले थे. यही फुटेज पुलिस के लिए अहम सुराग बने.

चोरी और भागने की कोशिश: आरोपी ने वारदात के बाद घर से करीब 2.5 लाख रुपए कैश भी चुरा लिए. इसके बाद वह फरार हो गया. उसने खुद को छुपाने की कोशिश की, लेकिन डिजिटल ट्रैकिंग से पकड़ा गया.

गिरफ्तारी कैसे हुई: दिल्ली पुलिस ने आरोपी को द्वारका के एक OYO होटल से गिरफ्तार किया. होटल के WiFi, मोबाइल लोकेशन और सोशल मीडिया गतिविधियों से उसकी लोकेशन ट्रेस हुई. पुलिस की कई टीमों ने मिलकर यह ऑपरेशन किया.

पुराना आपराधिक व्यवहार: पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पहले भी अपराध कर चुका है. राजस्थान के अलवर में उसने एक महिला के साथ रेप किया थी. यह उसकी आपराधिक मानसिकता को दिखाता है.

मोटिव और जांच: प्राथमिक जांच में पर्सनल रंजिश सामने आई है. नौकरी से निकाले जाने का गुस्सा एक कारण हो सकता है. हालांकि पुलिस अभी भी जांच कर रही है. फॉरेंसिक रिपोर्ट और पूछताछ से और खुलासे हो सकते हैं.