Iran-Israel War: ईरान-इजरायल जंग के बीच दुनियाभर में तेल संकट पैदा हो गया है. इसका असर बेंगलुरु के होटल इंडस्ट्री पर भी देखने को मिला है. सोमवार ( 9 मार्च 2026) को बेंगलुरु होटल्स एसोसिएशन ने बताया कि कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई बंद कर दी गई है, जिसके चलते होटल इंडस्ट्री के लिए एक बड़ी मुसीबत खड़ी हो गई है.
गैस सप्लाई की समस्या
एसोसिएशन ने अपने बयान में कहा,’ क्योंकि होटल इंडस्ट्री आवश्यक सेवाओं के अंतर्गत आता है, इसलिए इस समस्या से आम नागरिकों, वरिष्ठ नागरिकों, छात्रों और मेडिकल या अन्य जरूरी सर्विस में काम कर रहे उन लोगों को काफी कठिनाई होगी, जो अपने दैनिक भोजन के लिए हम पर निर्भर हैं. गैस सप्लाई सामान्य होने तक होटल इंडस्ट्री को गंभीर संकट का सामना करना पड़ेगा.’
बंद हुए होटल
बयान में कहा गया है कि तेल कंपनियों ने पहले आश्वासन दिया था कि 70 दिनों तक गैस सप्लाई में कोई रुकावट नहीं आएगी, लेकिन सप्लाई में अचानक रुकावट से होटल इंडस्ट्री को भारी नुकसान हुआ है. एसोसिएशन ने कहा,’ हम संबंधित केंद्रीय मंत्रियों से आग्रह करते हैं कि वे तत्काल हस्तक्षेप करें, उचित कार्रवाई करें, कमर्शियल गैस सप्लाई फिर से शुरू करें और होटल इंडस्ट्री की मदद करें.’ बयान में कहा गया कि गैस सप्लाई बंद होने के चलते कल से होटल बंद रहेंगे.
सरकार का आश्वासन
गैस सप्लाई को लेकर एसोसिएशन ने कहा कि सभी सदस्य सोमवार को नृपतुंगा रोड स्थित निसर्गा ग्रैंड होटल में इस संबंध में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करेंगे. वहीं आज सुबह केंद्र सरकार ने आम आदमी की आशंकाओं को दूर करते हुए आश्वासन दिया कि फिलहाल पेट्रोल और डीजल की खुदरा कीमतों में बढ़ोतरी करने की कोई योजना नहीं है.
NRAI ने अपने ‘X’ हैंडल पर जानकारी देते हुए लिखा,’ न्यूज आर्टिकल्स के मुताबिक सरकार ने स्पष्ट किया है कि रेस्तरां इंडस्ट्री के लिए कमर्शियल LPG सिलेंडरों की सप्लाई पर कोई प्रतिबंध नहीं है, हालांकि जमीनी हकीकत कुछ और ही है. सप्लायर्स सिलेंडरों की सप्लाई करने में असमर्थता जता रहे हैं. इससे रेस्तरां इंडस्ट्री बुरी तरह प्रभावित हो रहा है और परिणामस्वरूप नागरिकों के लिए आवश्यक सेवा के रूप में भोजन की सप्लाई भी प्रभावित हो रही है. हम तत्काल स्पष्टीकरण/हस्तक्षेप का अनुरोध करते हैं.’