दिल्ली-NCR में तेज बारिश… भीषण गर्मी से मिली राहत; जलभराव ने बढ़ाई टेंशन

नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार को मौसम ने करवट (Delhi NCR Heavy Rain) ली और भीषण गर्मी से परेशान लोगों को बारिश से राहत मिली। पूर्वी दिल्ली के जाफराबाद इलाके में हल्की वर्षा हुई, जबकि नोएडा और गाजियाबाद में तेज बारिश ने लोगों को झमाझम का अहसास कराया। बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों ने उमसभरी गर्मी से राहत महसूस (Delhi Weather Update) की।

जलभराव की समस्या आई सामने
हालांकि, बारिश के साथ जलभराव की समस्या भी सामने आई। मास्टर प्लान रोड शास्त्री नगर के पास पानी भर गया, जिससे लोगों को आवागमन में कठिनाई का सामना करना पड़ा। वहीं, पांडव नगर के नजदीक अंडरपास और विनोद नगर के पास एनएच-9 की सर्विस रोड पर भी पानी जमा हो गया। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। दिन में तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को काफी परेशानी हुई थी।

3 अक्टूबर तक मौसम रहेगा परिवर्तनशील
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अरब सागर में कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण हवाओं के रुख में बदलाव हुआ है। इसका असर अगले कुछ दिनों तक दिखाई दे सकता है। विभाग ने अनुमान जताया है कि तीन अक्टूबर तक मौसम परिवर्तनशील रहेगा और बीच-बीच में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं।