IMD Weather Alert: इन राज्यों में होगी झमाझम बारिश तो इन शहरों में चलेगी लू, IMD ने जारी की चेतावनी

IMD Weather Update: अप्रैल के महीने में जहां सूरज की तपिश और लू का डर सताने लगता है, तो वहीं इस बार प्रकृति का मिजाज कुछ अलग ही अंदाज में नजर आया. आज 15 अप्रैल है, यानी आधा महीना बीत चुका है, और अब सूरज का पारा चढ़ता ही जा रही है. इसी बीच देश के 11 राज्यों में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD के अनुसार एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो रहा है, जिससे कई राज्यों में बारिश हो सकती है.

मौसम विभाग के ताजा अनुमान के मुताबिक 15 अप्रैल को देश के मौसम में दो अलग-अलग तरह नजर आएगा. पूर्वोत्तर भारत और पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज आंधी आने की संभावना है तो वहीं, मध्य भारत, महाराष्ट्र, विदर्भ, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, रायलसीमा और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में हीट वेव का प्रकोप जारी रहेगा. इसके साथ ही गुजरात और पश्चिमी प्रायद्वीपीय भारत के कुछ हिस्सों में भी हल्की बारिश हो सकती है.

मौसम में दो तरह के बदलाव के पीछे कई सिस्टम जिम्मेदार हैं. इनमें ऊपरी हवा में चक्रवाती परिसंचरण, ट्रफ लाइन और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस शामिल हैं. मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पूर्व पाकिस्तान के पड़ोस में स्थित राजस्थान के ऊपर 1.5 किलोमीटर ऊंचाई वाले साइक्लोनिक सर्कुलेशन, दक्षिण असम से दक्षिण तमिलनाडु तक नॉर्थ-साउथ ट्रफ और झारखंड और गंगीय पश्चिम बंगाल के ऊपर 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक साइक्लोनिक सर्कुलेशन एक्टिव है. उत्तर-पश्चिम भारत में 12.6 किलोमीटर ऊंचाई पर 110 नॉट्स की रफ्तार वाला सबट्रॉपिकल वेस्टर्ली जेट स्ट्रीम बना हुआ है. साथ ही 15 अप्रैल की रात से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में एक नया लेकिन कमजोर वेस्टर्न डिस्टर्बेंस भी पहुंचेगा, इसके असर से 18 अप्रैल तक जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश-बर्फबारी बढ़ सकती है.

यहां हो सकती है बारिश और बर्फबारी
15 अप्रैल की रात से हल्के वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से अरुणाचल प्रदेश, लद्दाख, जम्मू-कश्मीर,गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में हल्की बारिश के साथ गरज-चमक और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की हवाएं चलेंगी. असम, मेघालय और नागालैंड में 17-19 अप्रैल को बारिश हो सकती है. वहीं 17-18 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर-लद्दाख में ओले भी गिर सकते हैं.

इन शहरों में चलेगी लू
मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार 15 अप्रैल को मध्य महाराष्ट्र, रायलसीमा, तेलंगाना और उत्तरी कर्नाटक में लू चलेगी. 16-19 अप्रैल तक मध्य प्रदेश, विदर्भ, ओडिशा, पश्चिम राजस्थान, छत्तीसगढ़, मराठवाड़ा और झारखंड में भी लू चलने के आसार हैं. गर्म और आर्द्र मौसम गंगीय पश्चिम बंगाल, तटीय महाराष्ट्र, गुजरात, ओडिशा, तमिलनाडु, तटीय आंध्र प्रदेश, केरल, रायलसीमा और तटीय कर्नाटक में 14 से 20 अप्रैल तक बना रहेगा.

दिल्ली पर गर्मी का असर शुरू
दिल्ली में गर्मी अपना असर दिखाना शुरू कर दी है. मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले 3-4 दिनों में दिल्ली के अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री की बढ़ोत्तरी हो सकती है. दिन में तेज धूप और गर्म हवाएं चलेंगी, जिससे लू जैसे हालात होंगे. तापमान सामान्य से ऊपर रहने की संभावना है. रात का तापमान में भी 3 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे रात में भी गर्मी का एहसास होगा. हालांकि 15 अप्रैल की रात से एक कमजोर वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में दिखेगा, जिसका हल्का असर दिल्ली के मौसम पर भी पड़ सकता है.

यूपी में कैसा रहेगा मौसम?
बात करें उत्तर प्रदेश के मौमस की तो अभी यूपी में मौसम शुष्क बना रहेगा, धीरे-धीरे तापमान बढ़ेगा. पश्चिमी यूपी में गर्म हवाएं चलने की संभावना है. दिन के समय तेज धूप की वजह से लोगों को लू जैसे हालात का सामना करना पड़ सकता है.