Imran Khan Health Update Adiala jail admin: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पीटीआई चेयरमैन इमरान खान को लेकर पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर तरह-तरह की अफवाहें उड़ रही हैं. कोई कह रहा था कि उनकी तबीयत खराब हो गई है, कोई कह रहा था कि उन्हें अदियाला जेल से कहीं और शिफ्ट कर दिया गया है. अब जेल प्रशासन ने साफ-साफ बयान जारी कर इन सब अफवाहों को झूठा बता दिया है. इसी के साथ रक्षा मंत्री ने जेल में इमरान खान की सुविधाओं पर भी बात की है. जानें पूरी खबर.
Imran Khan Health Update: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पीटीआई चेयरमैन इमरान खान की जेल में हत्या की अफवाहों ने पूरे देश में तहलका मचा दिया है. सोशल मीडिया पर ये खबरें वायरल हो गई हैं, जिससे हजारों समर्थक अदियाला जेल के बाहर जमा हो गए. बहनों पर पुलिस की बेरहमी भरी पिटाई ने आग में घी डाल दिया. लेकिन सरकार ने इन अफवाहों को सिरे से खारिज कर दिया है. अदियाला जेल के अधिकारियों ने क्या बताया सच. किसने कहा जेल में मौज कर रहे इमरान खान. आइए जानते हैं पूरी स्टोरी.
इमरान खान पूरी तरह स्वस्थ, जेल में ही हैं
Geo News में छपी रिपोर्ट के मुताबिक, हालिया दिनों में सोशल मीडिया और मीडिया चैनलों पर चल रही खबरों में कहा जा रहा था कि इमरान को किसी दूसरी जेल या स्थान पर भेजा गया है. लेकिन जेल प्रशासन ने वह खबरें “बेसिसलेस” बताया है. रावलपिंडी स्थित अदियाला जेल प्रशासन ने बुधवार को स्पष्ट बयान जारी कर कहा ‘अदियाला जेल से उनके ट्रांसफर की खबरों में कोई सच्चाई नहीं है, वह पूरी तरह से हेल्दी हैं और उन्हें पूरा मेडिकल अटेंशन मिल रहा है’ अधिकारियों ने आगे साफ़ किया कि उनकी सेहत के बारे में अंदाज़ा लगाना “बेबुनियाद” है, और ज़ोर देकर कहा कि PTI के फाउंडर की सेहत का ध्यान रखा जा रहा है.
ख्वाजा आसिफ बोले- जेल में मिल रहा 5 स्टार होटल वाला खाना
इसी बीच पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने भी इमरान खान की जेल सुविधाओं पर तंज कसा है. उन्होंने कहा, “इमरान साहब का जो खाने का मेन्यू आता है, वो पांच सितारा होटल में भी नहीं मिलता. उनके पास टीवी है, जो मर्जी चैनल देख सकते हैं. एक्सरसाइज मशीन भी है.” ख्वाजा आसिफ ने अपनी पुरानी जेल की याद दिलाते हुए कहा, “हम ठंडी फर्श पर सोते थे, जेल का खाना खाते थे, जनवरी में दो कंबल मिलते थे, गीजर भी नहीं था. उस वक्त सुपरिंटेंडेंट ने खुद गीजर हटवाया था.” मंत्री ने आगे दावा किया कि PTI के फाउंडर को एक डबल बेड और “एक वेलवेट गद्दा” दिया गया था, और कहा कि उन्हें जेल के लाउडस्पीकर पर उनका वाशिंगटन एरिना का भाषण सुनना चाहिए.” रक्षा मंत्री ने आगे कहा, “भगवान से डरो – समय किसी का नहीं होता.”
इमरान खान अगस्त 2023 से हैं जेल में
इमरान खान अप्रैल 2022 में अविश्वास प्रस्ताव से सत्ता से बाहर हुए थे. उसके बाद से उन पर करप्शन से लेकर आतंकवाद तक कई केस चल रहे हैं. अगस्त 2023 से वो अदियाला जेल में बंद हैं.जेल प्रशासन का साफ कहना है कि उनकी सेहत अच्छी है और सारी सुविधाएं मिल रही हैं. अब ये अफवाहें बंद होनी चाहिए.