बांग्लादेश में ‘डोनाल्ड ट्रंप’ नाम की भैंस का गजब क्रेज! अनोखे हेयरस्टाइल को देख लगी सेल्फी के लिए भीड़

Eid al-Adha का त्योहार करीब आते ही बाजारों में तरह-तरह के जानवरों की रौनक बढ़ जाती है। लेकिन पड़ोसी मुल्क बांग्लादेश में इस बार दो भैंसों ने पूरी महफिल लूट ली है। ये भैंसें अपने भारी-भरकम शरीर की वजह से नहीं, बल्कि अपने अनोखे नामों और हरकतों की वजह से वायरल हैं। ढाका के पास फार्म में मौजूद इन भैंसों का नाम दुनिया के दो सबसे चर्चित राजनेताओं- अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति ‘डोनाल्ड ट्रंप’ और इजरायल के प्रधानमंत्री ‘बेंजामिन नेतन्याहू’ के नाम पर रखा गया है।

सुनहरे बालों वाला ‘डोनाल्ड ट्रंप’
स्थानीय रिपोर्ट्स के मुताबिक, इनमें से एक भैंस का नाम ‘डोनाल्ड ट्रंप’ है, जिसका वजन करीब 700 किलोग्राम है। यह भैंस अपनी पीली (हल्के रंग की) स्किन और सुनहरे बालों की वजह से बेहद खास दिखती है। जो भी इसे देखने आ रहा है, उसका यही कहना है कि इसके सिर के बाल बिल्कुल डोनाल्ड ट्रंप के मशहूर ‘हेयरस्टाइल’ जैसे लगते हैं।

भैंस के मालिक जियाउद्दीन मृधा ने बताया कि इस जानवर का अनोखा लुक देखकर उनके छोटे भाई ने मजे-मजे में इसका नाम ‘डोनाल्ड ट्रंप’ रख दिया था। हालांकि, फार्म पर आने वाले एक दर्शक ने मजाक में कहा कि भले ही इसका लुक ट्रंप जैसा हो, लेकिन इसका स्वभाव ट्रंप से बिल्कुल उल्टा, बेहद शांत और प्यारा है। बताया जा रहा है कि ईद से पहले ही इस ‘ट्रंप’ को अच्छे दाम पर खरीद लिया गया है।

‘नेतन्याहू’ है बेहद गुस्सैल और आक्रामक
दूसरी तरफ, नारायणगंज इलाके में मौजूद एक और भैंस का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसका नाम ‘बेंजामिन नेतन्याहू’ रखा गया है। ‘ट्रंप’ के उलट, 750 किलो वजनी ‘नेतन्याहू’ का स्वभाव बेहद आक्रामक और गुस्सैल है।

फार्म के मैनेजर के मुताबिक, यह भैंस बहुत ‘शरारती’ है और इसके अंदर एक अजीब सी ‘चालाकी’ नजर आती है। यह अक्सर जोर-जोर से फुंफकारती है, अपने केयरटेकर्स पर हमला करने दौड़ती है और इसका बर्ताव बिल्कुल अप्रत्याशित (Unpredictable) रहता है। इसी स्वभाव के कारण इसका नाम ‘नेतन्याहू’ रखा गया है।

सेल्फी लेने वालों की लगी भीड़

इन दोनों भैंसों की पॉपुलैरिटी इतनी बढ़ गई है कि लोग दूर-दूर से इन्हें देखने फार्म पर पहुंच रहे हैं। हर कोई ‘डोनाल्ड ट्रंप’ और ‘नेतन्याहू’ के साथ एक सेल्फी लेना चाहता है। सोशल मीडिया पर भी इनकी तस्वीरें छाई हुई हैं और लोग इस बात पर मजे ले रहे हैं कि क्या इन जानवरों का स्वभाव सच में इन विश्व नेताओं से मेल खाता है या यह सिर्फ एक मजेदार इत्तेफाक है!