डलास। संयुक्त राज्य अमेरिका के डलास शहर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कर्नाटक मूल के 50 वर्षीय भारतीय अमेरिकी चंद्रमौली नागमल्लैया की हत्या एक मामूली विवाद के बाद कर दी गई। यह वारदात 10 सितंबर को सैमुएल बुलेवार्ड स्थित डाउनटाउन सुइट्स मोटल में हुई, जहां नागमल्लैया अपने परिवार के साथ रह रहे थे।
मामूली विवाद बना खून-खराबे की वजह
पुलिस के अनुसार आरोपी योरडानिस कोबोस-मार्टिनेज (37) उसी मोटल में काम करता था। उसने चंद्रमौली को क्रूरता से मौत के घाट उतार दिया। नागमल्लैया ने आरोपी और उसकी महिला सहयोगी से खराब वॉशिंग मशीन का उपयोग न करने के लिए कहा था। इसी बात से नाराज होकर मार्टिनेज ने हमला कर दिया।
धारदार से किया गया हमला
घटना का वीडियो सामने आया है। आरोपी कमरे से बाहर निकलते ही जेब से एक मैचेते निकालता है और नागमल्लैया पर हमला कर देता है। वह उसे दौड़ाकर मोटल ऑफिस तक लेकर, जहां हत्या कर दी। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार नागमल्लैया की पत्नी और बेटे ने बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उन्हें धक्का देकर किनारे कर दिया।
सिर काटकर डंपस्टर में फेंका
मार्टिनेस से नागमल्लैया पर लगातार हमले किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वह यहीं नहीं रुका। उसके बाद उसने नागमल्लैया का सिर काटकर धड़ से अलग कर दिया। उसे उठाकर पार्किंग से होते हुए डंपस्टर में डाल दिया। गवाहों और सीसीटीवी फुटेज ने इस भयानक घटना की पुष्टि की है।
आरोपी गिरफ्तार
डलास पुलिस ने आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया। उसने अपराध कबूल कर लिया है और उस पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है। इस घटना से भारतीय समुदाय के बीच आक्रोश है।