वॉशिंगटन। ईरान ने कहा है कि मौजूदा हालात में होर्मुज स्ट्रेट को दोबारा नहीं खोला जाएगा। ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बाकेर गालिबाफ ने कहा कि सीजफायर के उल्लंघन के बीच यह संभव नहीं है।
गालिबाफ ने आरोप लगाया कि अमेरिकी नाकेबंदी ईरानी बंदरगाहों को निशाना बना रही है और यह वैश्विक अर्थव्यवस्था को बंधक बनाने जैसा है। उन्होंने कहा कि पूर्ण सीजफायर तभी संभव है, जब नाकेबंदी खत्म हो।
दूसरी तरफ अमेरिका और ईरान के बीच शुक्रवार को पाकिस्तान के इस्लामाबाद में बैठक होने की संभावना है। न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान की मध्यस्थता के बाद दोनों देश जल्द बातचीत की टेबल पर लौट सकते हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने भी कहा है कि यह बैठक जल्द होना संभव है।
तेल पर छूट बढ़ी: अमेरिका ने रूसी तेल की खरीद पर लगी पाबंदियों में दी गई छूट को 30 दिन के लिए बढ़ा दिया है। यह फैसला करीब 10 देशों की मांग पर लिया गया है, जो तेल की कमी का सामना कर सकते हैं।
ट्रम्प का एकतरफा सीजफायर: अमेरिका ने पाकिस्तान की अपील पर ईरान के साथ चल रहे युद्धविराम (सीजफायर) को आगे बढ़ाया गया। ट्रम्प ने कहा कि ईरान में इस समय नेतृत्व और सरकार में एकजुटता नहीं है।
ईरान का सीजफायर से इनकार: ईरान ने किसी भी तरह के सीजफायर से इनकार किया है। मुख्य वार्ताकार मोहम्मद बाकर कालीबाफ ने कहा कि सीजफायर तभी संभव है जब नाकाबंदी हटाई जाए।
होर्मुज में जहाज जब्त: ईरान की रेवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) ने होर्मुज स्ट्रेट में दो जहाजों को जब्त कर लिया और कहा कि इस रास्ते की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा। इससे पहले इन पर गोलीबारी भी की गई। 20 हजार उड़ानें रद्द: यूरोप की सबसे बड़ी एयरलाइन लुफ्थांसा ने ईरान युद्ध के बाद बढ़ी ईंधन कीमतों के चलते 20 हजार उड़ानें रद्द करने का फैसला किया है।
ईरान में होर्मुज को कंट्रोल करने पर विचार
ईरान में होर्मुज स्ट्रेट को कैसे कंट्रोल किया जाए, इस पर प्लानिंग हो रही है। तेहरान टाइम्स से एक सांसद ने बताया कि यह योजना संसद में पेश की जा चुकी है और देश की सर्वोच्च सुरक्षा परिषद भी इसकी समीक्षा करना चाहती है।
सांसद फदाहोसेन मालेकी, जो संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति समिति के सदस्य हैं, ने कहा कि इस मुद्दे पर समिति और संसद की अन्य बैठकों में कई प्रस्तावों पर चर्चा की गई है।
ईरान में सख्स को फांसी, मोसाद से संबंध रखने का आरोप
ईरान ने इजराइली खुफिया एजेंसी मोसाद से कथित संपर्क रखने के आरोप में बुधवार को एक शख्स को फांसी दे दी। सुल्तानअली शिरजादी फख्र पर विपक्षी संगठन मुजाहिद-ए-खलक से भी रिश्ते रखने का आरोप लगाया गया था। ईरानी न्यूज वेबसाइट मीजान के मुताबिक सुल्तान अली की सजा को सुप्रीम कोर्ट ने भी बरकरार रखा था और सभी कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे फांसी दी गई।
नाकाबंदी के बावजूद ईरानी तेल टैंकरों की आवाजाही जारी
वैश्विक ऊर्जा और माल ढुलाई बाजार पर नजर रखने वाली विश्लेषण कंपनी वॉर्टेक्सा के मुताबिक, अमेरिका द्वारा ईरानी बंदरगाहों पर नौसैनिक नाकाबंदी लगाए जाने के बाद एक हफ्ते में प्रतिबंधित और ईरान से जुड़े 34 तेल टैंकरों की आवाजाही दर्ज की गई। न्यूज एजेंसी AP की रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी ने बताया कि 13 अप्रैल से सोमवार के बीच 19 टैंकर बाहर गए और 15 टैंकर खाड़ी में अंदर आए।
ईरान और लेबनान में आज दूसरे दौर की बातचीत
इजराइल और लेबनान के बीच आज वॉशिंगटन में दूसरी दौर की बातचीत होगी। इसमें 10 दिन के मौजूदा सीजफायर को आगे बढ़ाने पर चर्चा की जाएगी।
लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ औन ने कहा कि बातचीत कुछ शर्तों पर आधारित है। इनमें इजराइल के हमले पूरी तरह रुकना, लेबनान की जमीन से इजराइली सेना की वापसी, कैदियों की रिहाई, सीमा पर लेबनानी सेना की तैनाती और युद्ध में हुए नुकसान का दोबारा निर्माण शामिल है। पहले दौर की बातचीत के बाद 16 अप्रैल को 10 दिन का अस्थायी युद्धविराम शुरू हुआ था।
इजराइली हमले में लेबनान के पत्रकार की मौत
लेबनान में बुधवार को इजराइली हवाई हमले में एक लेबनानी पत्रकार अमल खलील की मौत हो गई। वह इजराइल और हिजबुल्लाह के बीच चल रहे संघर्ष को कवर कर रही थीं और रिपोर्टिंग के दौरान एक घर में शरण लेकर बैठी थीं। हमले के बाद उनका शव कई घंटों तक मलबे के नीचे दबा रहा, जिसे बाद में निकाला जा सका।
वह पिछले 20 साल से लेबनान के अल-अखबार के लिए रिपोर्टिंग कर रही थी। वह मार्च की शुरुआत से ही संघर्ष को कवर कर रही थीं। इससे पहले एक हवाई हमले में जिस कार में वह अपने सहयोगी के साथ जा रही थीं, उसके पास हमला हुआ था। इसके बाद उन्होंने अल-तिरी के एक घर में शरण ली।
इसके बाद दूसरा इजराइली हमला उसी घर पर हुआ, जहां वह छिपी हुई थीं। इजराइल की सेना ने कहा कि गांव में कुछ लोगों ने युद्धविराम का उल्लंघन किया था, जिससे उनके सैनिकों को खतरा हुआ।
इजराइली सेना कहा कि वे पत्रकारों को निशाना नहीं बनाते। इस साल अब तक लेबनान में मारे गए पत्रकारों की संख्या बढ़कर 9 हो गई है।
ईरानी दूतावास ने AI वीडियो से ट्रम्प का मजाक उड़ाया
हैदराबाद स्थित ईरानी दूतावास ने एक एआई वीडियो साझा किया है, जिसमें ट्रम्प के उस फैसले पर तंज किया गया है, जिसमें उन्होंने पाकिस्तान के अपील पर सीजफायर बढ़ाया था।