Middle East War Updates: मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के बीच एक ऐसी रिपोर्ट आई है, जिसने चिंता बढ़ा दी है. रूस की एक सरकारी न्यूक्लियर कंपनी रोसाटॉम के प्रमुख ने शनिवार (28 मार्च) को बताया कि ईरान के बुशहर न्यूक्लियर प्लांट की स्थिति बिगड़ रही है. यह रिपोर्ट न्यूक्लियर प्लांट के पास हुए हमले के एक दिन बाद आई है. दावा किया गया है कि इन हमलों के बाद न्यूक्लियर सुरक्षा को सीधा खतरा पैदा हुआ है.
दरअसल, इंटरनेशनल एटॉमिक एनर्जी ने शुक्रवार को जानकारी दी कि बुशहर के आस-पास बड़ा हमला हुआ है. हैरान करने वाली बात है कि पिछले 10 दिनों में यह तीसरी ऐसी घटना है. बताया गया है कि किसी भी हमले के कारण अभी तक किसी चालू रिएक्टर को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है, जो राहत वाली बात है.
रूसी रिपोर्ट में क्या कहा गया?
रूस के विदेश मंत्रालय की ओर से शनिवार को बुशहर शहर के पास हुए एक हमले की पुष्टि की गई है. रूसी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मारिया जखारोवा ने एक बयान कहा कि हमें उम्मीद है कि IAEA के डायरेक्टर जनरल को ईरानी अधिकारियों से सीधे तौर पर जानकारी मिलने के बाद हमलावरों को तुरंत और एक स्पष्ट संदेश दे पाएंगे.
इजरायल या अमेरिका किसने किया हमला?
इधर, शुक्रवार को ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरघाची की ओर से एक पावर प्लांट पर हमले के लिए इजरायल को जिम्मेदार ठहराया गया. उनकी ओर से कहा गया क इजरायल ने ऊर्जा सुविधाओं से दूर रहने के ट्रंप के वादे को तोड़ा है. इसके अलावा ईरान ने कहा कि वह इजरायल से हर एक हमले का बदला लेगा.
गौरतलब है कि फार्स न्यूज एजेंसी की ओर से बताया गया कि स्थानीय समयानुसार रात 11.40 बजे बुशहर न्यूक्लियर पावर प्लांट के परिसर में एक मिसाइल के गिरने की खबर मिली थी. एजेंसी की ओर से दावा किया गया कि इस हमले में किसी नुकसान की जानकारी नहीं है. वहीं, फार्स न्यूज एजेंसी की ओर से दावा किया गया कि बुशहर फिलहाल चालू स्थिति में है. हालाकि, इस रिपोर्ट में किसी का नाम नहीं लिया गया है. कुछ रिपोर्ट में चेतावनी दी जा रही है कि इस प्लांट में होने वाला कोई भी नुकसान एक गंभीर परमाणु दुर्घटना को जन्म दे सकता है.