धर्मशाला. हिमाचल प्रदेश में भी शादियों का सीजन चल रहा है. कई शादियां ऐसी हो रही हैं, जिनकी चर्चा आम से लेकर खास तक है. हाल ही में डिप्टी सीएम की बेटी की शादी हुई. फिर सिरमौर में भाजपा नेता की बेटी को ब्याहने के लिए न्यूजीलैंड से बारात आई और अब कांगड़ा में बेटी पर्वतारोही अंजलि शर्मा की लव मैरिज चर्चा में है.
दरअसल, दुनिया की मुश्किल चोटियों की चढ़ाई करने वाली पर्वतारोही अंजलि शर्मा ने दक्षिणी अफ्रीका के युवक यवेस काजियुका से शादी की है. धर्मशाला की अंजलि ने रविवार को दक्षिण अफ्रीकी युवक संग सात फेरे लिए. यह शादी हिमाचली रिति रिवाज से हुई और दूल्हा यवेस काजियुका भी हिमाचली रंग में नजर आए. सूट बूट पहने दूल्हे के गले में नोटों का हार भी देखने को मिला. शादी में भारतीय रीति-रिवाजों के साथ-साथ दक्षिण अफ्रीका की रस्मों को भी सम्मान दिया गया.
जानकारी के अनुसार, धर्मशाला के गमरु गांव की निवासी अंजलि शर्मा पर्वतारोही हैं. साल 2023 में अंजलि ने अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी ‘माऊंट किलिमंजारो’ की सफलतापूर्वक चढ़ाई की थी. इस एक्सीपीडिशन की चर्चा इसलिए भी हुई थी क्योंकि अंजिल ने गद्दी पोशाक लुआंचड़ी पहनकर चढ़ाई की थी और फिर चोटी पर तिरंगा लहराया था. उन्हें इस पर ‘गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स’ में जगह दी गई थी. अंजलि ने पर्वतारोहण का प्रशिक्षण मनाली के अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण संस्थान से हासालि किया है और फिर किलिमंजारो, हनुमान टिब्बा और देव टिब्बा जैसी कई खतरनाक चोटियों को फतह की.
कैसे परवान चढ़ा था अंजलि का प्यार
अंजली और यवेस काजियुका की मुलाकात साल 2023 में रूस के मॉस्को शहर में हुई थी और दोस्ती के बाद दोनों में प्यार हो गया. यवेस काजियुका पेशे से सिविल इंजीनियर हैं और अब अमेरिका में नौकरी करते हैं. अंजली के पिता का निधन साल 2009 में हो गया था और माता पुष्पा शर्मा ने अकेले पालन-पोषण किया. अंजलि की एक बहन मोनिका है जो कि वकील है. अंजलि ने साड़ी पहनकर दो विश्व रिकॉर्ड बनाते हुए तंजानिया के माउंट किलिमंजारो और रूस के एल्बुस पर्वत की सफल चढ़ाई शामिल है.