नई दिल्ली: बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा आज अपने आवास पर सभी बीजेपी सांसदों के लिए एक विशेष डिनर की मेजबानी करेंगे. इस डिनर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे. यह डिनर उपराष्ट्रपति चुनाव से ठीक पहले आयोजित हो रहा है, जो 9 सितंबर को होना है. सूत्रों के अनुसार, इस डिनर का उद्देश्य बीजेपी सांसदों के बीच एकजुटता को मजबूत करना और चुनावी रणनीति पर चर्चा करना है.
पंजाब के सभी 23 जिलों में बाढ़ ने तबाही मचाई है, जिसमें अब तक 43 लोगों की मौत हो चुकी है और 3 लोग लापता हैं. बाढ़ से 3,84,322 लोग प्रभावित हुए हैं, और कई इलाकों में फसलें, घर, और बुनियादी ढांचा तबाह हो गया है. सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही बाढ़ प्रभावित राज्यों का दौरा करेंगे, जिसमें पंजाब के साथ-साथ अन्य प्रभावित क्षेत्र शामिल हो सकते हैं.
आज अनंत चतुर्दशी के अवसर पर मुंबई में गणेश विसर्जन का भव्य आयोजन हो रहा है. लाखों भक्त गणेश प्रतिमाओं को विसर्जित करने के लिए समुद्र तटों और जलाशयों की ओर उमड़ रहे हैं. इस दौरान मुंबई पुलिस ने आतंकी अलर्ट के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद कर दिया है और साथ ही ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है.
खालिस्तानियों को कनाडा से मिल रहा खूब सारा पैसा, सरकार की रिपोर्ट में खुलासा
कनाडा सरकार की एक रिपोर्ट में बड़ा खुलासा हुआ है. रिपोर्ट के मुताबिक, पंजाब को स्वतंत्र देश के रूप में स्थापित करने के लिए हिंसक तरीकों का समर्थन करने वाले खालिस्तानी उग्रवादी संगठन विदेशों से वित्तीय मदद हासिल कर रहे हैं. इसमें कनाडा भी शामिल है.
रिपोर्ट में कहा गया है कि पहले इन संगठनों का कनाडा में व्यापक फंडरेज़िंग नेटवर्क था, लेकिन अब इनकी गतिविधियां कुछ छोटे-छोटे समूहों या व्यक्तियों तक सिमट गई हैं. ये समूह सीधे तौर पर किसी संगठन से जुड़े नहीं दिखते, लेकिन उनकी निष्ठा खालिस्तानी आंदोलन के प्रति बनी हुई है.
यह खुलासा ऐसे समय सामने आया है जब भारत और कनाडा के बीच खालिस्तान समर्थक गतिविधियों को लेकर पहले से ही तनाव जारी है. भारत लगातार कनाडा सरकार से ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करता रहा है.