जमीन, जंगल पहाड़ और पानी…BJP पर बरसे राहुल गांधी, बोले- जिंदगी तबाह कर रही सरकार

PM Modi: अक्सर देखा जाता है किसी न किसी मुद्दे को लेकर बीजेपी और कांग्रेस में तकरार छिड़ी रहती है. दोनों पार्टियां एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाती रहती हैं. इसी बीच राहुल गांधी ने बीजेपी की डबल इंजन सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने लिखा कि देश भर में “भ्रष्ट” जनता पार्टी की डबल इंजन सरकारों ने जनता की जिंदगी तबाह कर दी है. इसके अलावा क्या कुछ कहा आइए जानते हैं.

चल रहा है वसूली तंत्र
एक ट्वीट करते हुए राहुल गांधी ने लिखा कि भ्रष्टाचार के साथ सत्ता का दुरुपयोग और अहंकार का जहर BJP की राजनीति में ऊपर से नीचे तक फैल चुका है. इनके सिस्टम में गरीब, असहाय, मज़दूर और मध्यमवर्ग की जिंदगी सिर्फ आंकड़ा है और “विकास” के नाम पर वसूली-तंत्र चल रहा है.

अंकिता भंडारी केस
उत्तराखंड में अंकिता भंडारी की निर्मम हत्या ने पूरे देश को झकझोर दिया लेकिन सवाल आज भी वही है, सत्ता का संरक्षण BJP के किस VIP को बचा रहा है? कानून सबके लिए बराबर कब होगा? इसके अलावा लिखा कि उत्तर प्रदेश के उन्नाव कांड में भी पूरा देश देख चुका है कि सत्ता के गुरूर में अपराधियों को कैसे बचाया गया और पीड़िता को न्याय के लिए कितनी कीमत चुकानी पड़ी.

इंदौर का दूषित पानी
साथ ही साथ इंदौर के दूषित पानी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इंदौर में ज़हरीला पानी पीकर मौतें हों या गुजरात-हरियाणा-दिल्ली तक ‘काले पानी और दूषित सप्लाई की शिकायतें, हर तरफ बीमारियों का डर है. राजस्थान की अरावली हो या प्राकृतिक संसाधन – जहां-जहां अरबपतियों का लालच और स्वार्थ पहुंचा, वहां-वहां नियमों को रौंद दिया गया, पहाड़ काटे जा रहे हैं, जंगल उजाड़े जा रहे हैं. और जनता को बदले में मिल रहा है, धूल, प्रदूषण और आपदा.

‘पुल गिरते हैं, सड़कें धंसती हैं’
खांसी के सिरप से बच्चों की मौतें, सरकारी अस्पतालों में नवजातों को मारते चूहे, सरकारी स्कूलों की गिरती छतें ये “लापरवाही” नहीं, भ्रष्टाचार की सीधी मार है, पुल गिरते हैं, सड़कें धंसती हैं, ट्रेन हादसों में परिवार मिट जाते हैं और BJP सरकार हर बार वही करती है. फोटो-ऑप, ट्वीट और मुआवज़े की औपचारिकता. मोदी जी का “डबल इंजन” चल रहा है लेकिन सिर्फ अरबपतियों के लिए, आम भारतीय के लिए ये भ्रष्टाचार की डबल इंजन सरकार विकास नहीं, तबाही की रफ्तार है जो हर दिन किसी न किसी की जिंदगी कुचल रहा है.