अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद में 8 साल के एक बच्चे संग धार्मिक परिसर में दरिंदगी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। दानिलिम्दा इलाके में 8 साल के बच्चे को धोखे से मस्जिद की छत पर ले जाया गया और वहां 23 साल के एक आरोपी ने उसके संग कुकर्म किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना शुक्रवार दोपहर की है। बच्चा जुमे की नमाज पढ़ने के लिए मस्जिद में गया था। गायकवाड़ हवेली पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद आरोपी नोमान शेख को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक पीड़ित बच्चे की स्थिति गंभीर है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस वानी दूधहाट ने कहा, ‘जब बच्चे ने परिजनों को अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी तो वे मस्जिद गए और सीसीटीवी फुटेज जांच करने के बाद पुलिस को सूचना दी। शेख को तलाशकर पकड़ा गया। बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।’
नमाज सिखाने के बहाने छत पर ले गया शिकायत के मुताबिक, शेख इसी इलाके में रहता है और बच्चे को पहले से जानता था। परिवार ने कहा कि बच्चे को मस्जिद में दूसरी मंजिल पर ले जाने से पहले शेख ने उससे बातचीत की। उसे नमाज और कुछ अन्य चीजें सिखाने के बहाने वह दूसरी मंजिल की छत पर ले गया।
सीसीटीवी में बच्चे के संग दिखा आरोपी सीसीटीवी जांच के दौरान पता चला कि आरोपी बच्चे के साथ छत पर करीब 20 मिनट रहा। पुलिस के मुताबिक सीसीटीवी में दिख रहा है कि आरोपी बच्चे को लेकर ऊपर जा रहा है। बाद में बच्चा मस्जिद से भागता हुआ नजर आया और शेख उसके पीछे था। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 115 (2) और पॉक्सो ऐक्ट के तहत केस दर्ज किया है।