LPG पर फिर बदले नियम, कनेक्शन का भी नया रूल, यहां ID दिखाकर मिलेगा सिलेंडर…जाने क्या-क्या बदला ?

LPG Cylinder Latest Rules: मिडिल ईस्ट युद्ध के 38 दिन बाद भी स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर फैसला नहीं हो पा रहा है. अमेरिका ने मंगलवार 8 बजे तक का फाइनल अल्टीमेटम दिया है, तो ईरान ने पलटवार करते हुए कहा है कि अगर हमले हुए तो वो सिर्फ स्ट्रेट ऑफ होर्मुज ही नहीं, बल्कि बाब-अल-मंदेब जैसे दूसरे अहम समुद्री रास्तों को भी निशाना बनाएगा. अमेरिका और ईरान की जंग ने भारत समेत दुनियाभर में ऊर्जा संकट को बढा दिया है. युद्ध की वजह से गैस और तेल की सप्लाई प्रभावित हो रही है. ऊर्जा संकट को नियंत्रित करने के लिए भारत में LPG गैस सिलेंडर से जुड़े कई नियमों को बदलाव किए गए हैं. गैस सिलेंडरों पर ECA एक्ट लगाया गया. बुकिंग के नियम से लेकर कीमतों में बदलाव किया गया. अब सिलेंडर की डिलीवरी को लेकर भी नया नियम लागू कर दिया गया है.

अब गोदाम से नहीं मिलेगा एलपीजी सिलेंडर
एलपीजी सिलेंडरों को लेकर नया बदलाव किया गया है. दिल्ली सरकार ने एलपीजी सिलेंडरों की बिक्री को लेकर नया रेगुलेशन जारी किया है. दिल्ली सरकार ने अब गोदामों से सीधे एलपीजी सिलेंडर बेचने पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दी है. सरकार ने तेल कंपनियों और गैस डिस्ट्रीब्यूटर को निर्देश जारी किया है कि वो गोदाम से सीधे किसी भी उपभोक्ता को सिलेंडर न बेचें. सरकार ने ये भी स्पष्ट किया है कि ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

ओडिशा सरकार का नया फरमान, बिना ई केवाईसी के नहीं मिलेगा सिलेंडर
सिर्फ दिल्ली ही नहीं ओडिशा ने भी सिलेंडरों की डिलीवरी के जुड़े नए नियम लागू कर दिए हैं. राज्य सरकार ने खुले बाजार में गैस सिलेंडर की बिक्री पूरी तरह से रोक दी है. सरकार ने सभी गैस कनेक्शनों के लिए ई-केवाईसी अनिवार्य कर दिया है.सरकार ने एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स को निर्देश दिया है कि सिर्फ उन्हीं उपभोक्ताओं को सिलेंडर दें जिनका e-KYC पूरा है .

बस ID दिखाकर मिल जाएगा यह सिलेंडर
सरकार ने 5 किलो वाले छोटे सिलेंडरों के लिए नया नियम लागू किया है. जिसके तहत लोग अब सिर्फ पहचान पत्र दिखाकर गैस सिलेंडर ले सकेंगे. सरकार ने फ्री ट्रेड गैस सिलेंडर की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए इसके नियमों को आसान बनाया है. नए बदलाव के मुताबिक आप अपनी पहचान पत्र दिखाकर किसी भी गैस एजेंसी से पांच किलोग्राम का फ्री ट्रेड एलपीजी सिलेंडर खरीद सकेंगे.स्थायी पते के अभाव में एलपीजी पाने में प्रवासियों और मजदूरों को दिक्कत हो रही थी. ऐसे में 5 किलो वाले सिलेंडर के लिए नियमों को आसान बनाया गया है.

सिलेंडर से जु़ड़े नियमों में बड़े बदलाव
मिडिल ईस्ट तनाव के बीच सरकार ने एलपीजी सिलेंडर से जुड़े नियमों में बदलाव कर दिया है. नए नियम के तहत गैस सिलेंडर की कीमत से लेकर बुकिंग में बड़े बदलाव किया गया है.

1. गैस बुकिंग की समयसीमा को 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया. ग्रामीण इलाकों में ये समयसीमा 45 दिन की कर दी गई है.
2. गैस सिलेंडर की कीमत में बढ़ोतरी कर दी गई. 14.2 किलो वाले सिलेंडर की कीमत में 7 मार्च को 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई.
3. 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर के दाम 1 मार्च से लेकर अब तक 3 बार बढ़ाए जा चुके हैं.
4. दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडरों के लिए ग्राहकों को PNG कनेक्शन का प्रूव देना होगा.
5.घरेलू LPG गैस सिलेंडर की बुकिंग में KYC अनिवार्य हो गई है, बिना इसके बुकिंग रिजेक्ट हो जाएगी.
6. बिना OTP के सिलेंडरों की डिलीवरी नहीं होगी.