इजरायल में ईरान का बड़ा हवाई हमला, धमाकों से दहला तेल अवीव; अमेरिकी F-15 को भी मार गिराने का दावा

Israel Iran War: अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जंग लगातार बढ़ती जा रही है. इस बीच खबर है कि ईरान ने इजरायल के कई शहरों में रविवार को 4 बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया. इजरायली मीडिया के अनुसार, ईरान की ओर से किए गए हमले में सैकड़ों लोगों के घायल होने की सूचना है. इसके अलावा ईरान की ओर से दावा किया गया है स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास उसने अमेरिका के लड़ाकू विमान एफ15 को मार गिराया है.

रिपोर्ट्स के अनुसार, ईरान ने इजरायल के शहर तेल अवीव के एयरपोर्ट के पास मिसाइल से हमला किया. इसके साथ ही शहर के कुछ रिहायशी इलाकों को भी निशाना बनाया गया, जिसके कारण मलबा फैल गया. बताया जाता है कि ईरान की ओर से क्लस्टर बम का इस्तेमाल हमले के लिए किया गया है. हमले में घायल होने वालों में बच्चे भी शामिल हैं.

ईरानी हमले में कई लोग घायल
इस बीच इजरायल की राष्ट्रीय आपातकालीन चिकित्सा मैगन डेविड एडोम की ओर से रविवार को बताया कि उसकी ओर से मध्य इजरायल पर ईरान के मिसाइल हमले में घायल हुए 15 लोगों का इलाज किया गया है. जिन लोगों का उपचार किया गया, उनमें अधिकांश लोगों को हल्की चोटें आई हैं. बताया जाता है कि बैलिस्टिक मिसाइल में क्लस्टर बम वॉरहेड लगा था, जिससे एक बड़े इलाके में छोटे-छोटे बम फैल गए.

अमेरिका के लड़ाकू विमान को ईरान ने बनाया निशाना
गौरतलब है कि जंग के 23वें दिन ईरान की ओर से दावा किया गया है कि उसने अमेरिका के F-15 फाइटर जेट को मार गिराया है. हालांकि, अमेरिका की ओर से इस मामले पर कोई जवाब नहीं आया है. ईरानी मीडिया की ओर से दावा किया गया कि यह घटना स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास हुई. बताया जाता है कि विमान ईरान के दक्षिणी तट के ऊपर उड़ता नजर आया था.

इजरायल की चेतावनी
द टाइम्स ऑफ इजरायल की एक रिपोर्ट के अनुसार, इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज का कहना है कि ईरान के हमलों के जवाब में यरुशलम उसको दशकों पीछे धकेलने की क्षमता रखता है. काट्ज की ओर से ईरान पर जानबूझकर आम नागरिकों को निशाना बनाने का आरोप लगाया गया है.

इजरायली रक्षा मंत्री ने कहा कि अगर यह सिलसिला जारी रहा, तो हम ईरान पर इतना जोरदार हमला करेंगे कि वह दशकों पीछे चला जाएगा. उन्होंने यह बातें उस जगह का दौरा करते हुए कही, जहां पिछली रात दक्षिणी शहर अराद में एक मिसाइल गिरी थी, जिससे कई लोग घायल हो गए थे.